
बंथली. जागरूकता से ही ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का निस्तारण हो सकेगा। अभिभावक व अध्यापक शिक्षा पर विशेष ध्यान देकर ग्रामीण क्षेत्र की बाल प्रतिभाओं को निखारने में मदद करें। जिला कलक्टर सूबेसिंह यादव ने यह बात अटल सेवा केन्द्र गैरोली में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में लोगों से कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का अधिकारियों के माध्यम से लाभ लेकर परिवार को सक्षम एवं समृद्ध बनाएं। जिला परिषद के कार्यकारी मुख्य अधिकारी ओमप्रकाश जांगिड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में लगे अधिकारी-कर्मचारी निर्धन, दिव्यांग, वृद्ध, विधवा, किसान सहित लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करें।
एसडीओ रवि वर्मा, विकास अधिकारी कुश्लेश्वर सिंह, सरपंच प्रियदर्शिनी सोलंकी, पंचायत समिति सदस्य मांगीदेवी नाथ सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने बारी-बारी से अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। जिला परिषद सदस्य कुलदीपसिंह राजावत ने गैरोली से मुगलाना तक सडक़ बनवाने सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की।
इस पर कलक्टर ने सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सडक़ सहित पंचायत क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमणों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इसके बाद कलक्टर ने रा. उ. मा. विद्यालय में प्रधानाचार्य बाबू खां व अध्यापिका कांता जागिड़ से जानकारी ली। इस मौके पर नायब तहसीलदार शिवनारायण, पंचायत प्रसार अधिकारी चिरंजीलाल बैरवा भी मौजूद थे। कलक्टर ने सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
मेले में किया रोगियों का उपचार
टोंक. टोंक महोत्सव के तहत मंगलवार को बंसल हॉस्पिटल में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें डॉ. राजीव बंसल व शानू बंसल ने मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया। बंसल ने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां बरतने से व्यक्ति बीमार होने से बच सकता है। आस पास स्वच्छता रखेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। समिति सचिव सुजीत सिंहल ने बताया कि इस दौरान गोरधन हिरोनी, सुनील बंसल, शब्बीर नागौरी, संजय सोनी, नीलेश टाक आदि मौजूद थे।