अगले साल बारिश नहीं होने या कम होने पर भी बीसलपुर बांध से व्यर्थ बह चुका 26 टीएमसी पानी इन जिलों की एक साल की प्यास आसानी से बुझा सकता था। वहीं नए जल परियोजना प्रोेजेक्ट समय पर शुरू हो जाते तो, बांध से और भी ज्यादा पानी उपलब्ध कराया जा सकता था।
जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध बीते 23 दिन से ओवरफ्लो की स्थिति में है। इस दौरान लगभग 26 टीएमसी पानी व्यर्थ बह गया। जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों का कहना है कि मानसून के पहले चरण की बारिश का दौर थम गया है। इसलिए बांध का केवल एक गेट खोलकर 300 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। अगर आगामी दिनों में पानी की आवक नहीं होती, तो बांध से पानी की निकासी पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, जयपुर, अजमेर और टोंक जिलों की पेयजल आपूर्ति के लिए प्रतिदिन 2 टीएमसी पानी बांध से लिया जाता है। मतलब, अगले साल बारिश नहीं होने या कम होने पर भी बीसलपुर बांध से व्यर्थ बह चुका 26 टीएमसी पानी इन जिलों की एक साल की प्यास आसानी से बुझा सकता था। वहीं नए जल परियोजना प्रोेजेक्ट समय पर शुरू हो जाते तो, बांध से और भी ज्यादा पानी उपलब्ध कराया जा सकता था।
जल संसाधन विभाग ने बीसलपुर बांध में पानी की आवक कम होने पर अब तक खुले एक गेट संख्या 9 को 10 सेंटीमीटर से घटाकर 05 सेंटीमीटर हाइट तक खुला रखा है। जिससे 300 क्यूसेक पानी प्रति सैकंड नहर में छोड़ा जा रहा है। हालांकि त्रिवेणी में अब भी पानी का बहाव 2.50 मीटर हाइट पर चल रहा है। ऐसे में बांध में लगभग जितने पानी की आवक हो रही है उतनी ही मात्रा में पानी की निकासी बांध से की जा रही है।
| वर्ष | गेट ओपनिंग | गेट बंद |
| 2004 | 11 अगस्त | 02 सितंबर |
| 2006 | 19 अगस्त | 08 सितंबर |
| 2014 | 11 अगस्त | 26 सितंबर |
| 2016 | 09 अगस्त | 22 सितंबर |
| 2019 | 19 अगस्त | 21 अक्टूबर |
| 2022 | 26 अगस्त | 04 अक्टूबर |
| 2024 | 06 सितंबर | 09 अक्टूबर |
| 2025 | 24 जुलाई | अभी तक खुले |