टोंक

बीसलपुर बांध से बड़ी Update, अब 10 सेमी खुला एक गेट, 601 क्यूसेक पानी की निकासी जारी

Bisalpur Dam: बांध के कैचमेंट एरिया से पानी की आवक घटने के साथ ही शनिवार शाम से परियोजना ने बांध के गेट से की जा रही पानी की निकासी भी बारी-बारी से कम की जा रही है।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2024, 2:44 PM IST
Feature image

Bisalpur Dam Updates: राज्य की लाइफलाइन कहे जाने वाले बीसलपुर बांध से गत 17 दिन से बनास नदी में जारी पानी की निकासी धीरे-धीरे बंद होने के कगार पर पहुंचने लगी है। बांध के कैचमेंट एरिया से पानी की आवक घटने के साथ ही शनिवार शाम से परियोजना ने बांध के गेट से की जा रही पानी की निकासी भी बारी-बारी से कम की जा रही है जिससे बनास नदी में दौड़ती लहरें भी अब शांत होने लगी है।

गत शुक्रवार तक बांध के दो गेट संख्या 9 व 10 को आधा-आधा मीटर तक खोलकर बनास नदी में 6010 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी जिसे शुक्रवार रात 10.15 बजे गेट संख्या 10 को बंद कर अब गेट संख्या 9 को आधा मीटर तक खोलकर बनास नदी में 3005 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी। जिसे शाम 6 बजे 25 सेमी करते हुए पानी की निकासी 1503 क्यूसेक कर दी गई। रविवार सुबह 9 बजे फिर निकासी कम करते हुए उसी गेट को 10 सेमी रखते हुए 601 क्यूसेक निकासी जारी है।

त्रिवेणी का गेज घटा

बांध के कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांध का गेज जयपुर, अजमेर व टोंक जिले के साथ ही सैकड़ों गांव व कस्बों में हो रही जलापूर्ति के साथ पूर्ण जलभराव 315.50 आर एल मीटर पर स्थिर बना हुआ है। जिसमें 38.703 टीएमसी का जलभराव है। इसी प्रकार बांध के जलभराव में सहायक त्रिवेणी का गेज बीते एक सप्ताह से लगातार घटता जा रहा है। शनिवार को त्रिवेणी का गेज 3 मीटर दर्ज किया गया है।

वहीं बीसलपुर बांध से बीते 16 दिन से बनास नदी में की जा रही पानी की निकासी के तहत बांध से बनास नदी में अब तक लगभग 29.25 टीएमसी पानी की निकासी की जा चुकी है। इधर, पानी की निकासी कम करते ही राजमहल बनास नदी क्षेत्र में मछुआरों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बनास नदी की रपट के साथ रेतिले धोरों में कम पड़ती लहरों के बीच कांटा डोर से मछली शिकार में व्यस्त दिखाई दिए।

Updated on:
23 Oct 2024, 2:44 PM IST
Published on: