भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को टोंक पहुंचेगे। दोनों नेता टोंक में भाजपा के नए कार्यालय सहित राज्य के आठ कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
टॉक। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को टोंक पहुंचेगे। दोनों नेता टोंक में भाजपा के नए कार्यालय सहित राज्य के आठ कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे कार्यालय के समीप आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई प्रदेश पदाधिकारी टोंक में नेताओं के स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे है। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, राज्य के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर और पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता कार्यालय उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने में लगे हुए है।
कार्यक्रम में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे है। इसके तहत दुकानों और घरों में जाकर पीले चावलों का वितरण कर लोगों को सभा में आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को सुबह 11 बजे जयपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा टोंक पहुंचेंगे। यहां वे टोक भाजपा के नवीन कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और राज्य के अन्य आठ कार्यालयों का उद्घाटन वर्चुअली करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रातः 11 बजे टोंक पहुंचकर कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि पार्टी की संस्कृति और कार्यकर्ताओं की भावना का केंद्र होगा। यह संगठन को सशक्त बनाने और जनता से जुड़ाव का केंद्र बनेगा।
शहर में कार्यक्रम की तैयारी के तहत बाजार, प्रमुख चौराहों और अन्य स्थानों पर स्वागत और बधाई के बैनर, होर्डिंग और झंडे लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नेताओं की फोटो सहित भाजपा के झंडे और बैनर सजाकर कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाई है। उद्घाटन और सम्मेलन के अवसर पर कार्यक्रम में शहनाई, कच्छी घोड़ी, भवाई नृत्य, कालबेलिया नृत्य, बधावा गीत, अलगोजा, लंगा पार्टी और कलश जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।