टोंक

Chhavi Rajawat Wins: देश की पहली MBA सरपंच छवि राजावत की धमाकेदार वापसी, टोंक के सोडा से तीसरी बार बनीं सरपंच

Rajasthan Sarpanch Election 2026: देश की पहली MBA सरपंच छवि राजावत टोंक जिले के सोडा गांव से तीसरी बार सरपंच चुनी गईं। 400 से अधिक वोटों से मिली शानदार जीत, जानिए उनका पूरा राजनीतिक और विकास का सफर।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 11:46 AM IST
chhavi rajawat wins soda sarpanch election 2026 mba sarpanch third term tonk
तीसरी बार सरपंच बनीं छवि राजावत

देश की पहली MBA सरपंच के नाम से सुर्ख़ियों में रहीं छवि राजावत एक बार फिर सरपंच निर्वाचित हो गई हैं। इस बार के पंचायत राज चुनाव में उन्होंने एक बार फिर अपनी परंपरागत और पैतृक गांव सोडा से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने नज़दीकी प्रतिद्वंदी को चार सौ से भी ज़्यादा वोटों से शिकस्त दी है। इस जीत के साथ वे तीसरी बार सरपंच बनकर एक बार फिर ग्रामीण राजनीति में सक्रीय हो गई हैं।

बता दें कि छवि राजावत इससे पहले वर्ष 2010 से 2020 के दौरान लगातार 10 साल के दो कार्यकाल तक सरपंच रहीं। ग्रामीणों की मांग पर वे एक बार फिर राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 में अपनी किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरी थीं। 

चुनाव और जीत की अपडेट्स 

- पद और ग्राम पंचायत: सरपंच, सोडा ग्राम पंचायत (मालपुरा उपखंड/तहसील, टोंक जिला, राजस्थान)। 

- चुनाव समय (नवंबर 2026): राजस्थान पंचायत राज चुनाव 2026 के तीसरे चरण के तहत सोडा ग्राम पंचायत में 4 नवंबर 2026 को नामांकन दाखिल किया गया और 5 नवंबर 2026 को मतदान संपन्न हुआ। 

सैन्य परिवार से ग्रामीण राजनीति  तक का सफर 

छवि राजावत एक सैन्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वे महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर रघुवीर सिंह की पोती हैं। उनके दादा भी करीब दो दशक पहले इसी सोडा गांव के सरपंच रह चुके थे। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कॉर्पोरेट करियर छवि राजावत के करियर की बात करें तो उन्होंने सरपंच बनने से पहले उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया, कार्लसन ग्रुप ऑफ होटल्स और टेलीकॉम कंपनी एयरटेल जैसे शीर्ष कॉर्पोरेट घरानों में कई वर्षों तक काम किया था। लेकिन फिर ग्रामीणों की सेवा के लिए मोटी कमाई वाले कॉर्पोरेट करियर को अलविदा कहा था।

इससे पहले उन्होंने अपनी शिक्षा आंध्र प्रदेश के ऋषि वैली स्कूल और फिर राजस्थान में अजमेर स्थित मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल से की। इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित लेडी श्री राम कॉलेज से स्नातक किया। उन्होंने बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न मैनेजमेंट (BIMM), पुणे से MBA की डिग्री हासिल की। 

पिछले कार्यकाल के मुख्य विकास कार्य

अपने पिछले दो कार्यकालों के दौरान छवि राजावत ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) और सरकारी योजनाओं को मिलाकर सोडा गांव का कायापलट कर दिया।

- सूखाग्रस्त सोडा गांव में पानी की किल्लत दूर करने के लिए उन्होंने हिंदुस्तान कोका-कोला कंपनी और अन्य संस्थाओं के सहयोग से गांव के मुख्य सार्वजनिक तालाब की खुदाई व जीर्णोद्धार कराया।

- ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए उन्होंने गांव में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा खुलवाई।

- गांव में करीब 40 पक्की सड़कों का निर्माण करवाया और स्वच्छ भारत अभियान से काफी पहले ही सामुदायिक भागीदारी के जरिए घर-घर शौचालय बनवाने की मुहिम शुरू की।

- गांव में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना की और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए डिजिटल साक्षरता व कौशल विकास कार्यक्रमों की शुरुआत की।

वैश्विक स्तर पर पहचान और सम्मान

छवि राजावत की पहचान केवल राजस्थान या भारत तक सीमित नहीं है। उन्होंने वर्ष 2011 में अमेरिका में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में गरीबी उन्मूलन पर व्याख्यान दिया था। वह अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के शिकागो में आयोजित एक कार्यक्रम में भी सहभागिता कर चुकी हैं।

उन्हें भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा सम्मानित किया जा चुका है और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा 'प्रथम महिला राष्ट्रीय पुरस्कार' से भी नवाजा गया है

Updated on:
6 Nov 2026, 11:46 AM IST
Published on: