टोंक

Tonk News: नववर्ष से पहले दहशत की दस्तक, कार से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

टोंक जिले में पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यूरिया के कट्टों में छिपाकर लाई जा रही यह खेप अवैध खनन के लिए बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।

2 min read
Dec 31, 2025
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

निवाई। टोंक जिले में एक कार से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। यह खेप यूरिया के कट्टों में छिपाकर टोंक के देशवाली मोहल्ले में पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने कार से करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज और 1100 मीटर सेफ्टी फ्यूज वायर जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

ये भी पढ़ें

Nagaur: लग्जरी कार में जला नागौर का किसान, हाथ-पैर की उंगलियां हुईं अलग, परिजन बोले- मर्डर हुआ

गहन जांच कर रही टीम

दिल्ली में हाल ही में हुए विस्फोट की याद अभी ताजा है। वहीं वर्ष 2008 में जयपुर भी अमोनियम नाइट्रेट से दहल चुका है। ऐसे में यह विस्फोटक सामग्री अवैध खनन के लिए लाई जा रही थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा थी, इसको लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

टोंक पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम मामले की गहन पड़ताल कर रही है, जबकि अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं। हालांकि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने विस्फोटक सामग्री अवैध खनन के लिए लाने की बात स्वीकार की है।

बूंदी से निकली, टोंक होते हुए पकड़ी गई कार

एसपी मीणा की जिला विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री टोंक लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध कार की पहचान कर उसका पीछा शुरू किया। कार सवार तेज रफ्तार में टोंक शहर पार करते हुए चिंरोज गांव की ओर भागने लगे। पुलिस ने आगे रास्ते में ट्रैक्टर खड़े कराकर मार्ग अवरुद्ध कराया। रास्ता बंद होने पर कार रुक गई और पीछा कर रही टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

यूरिया के कट्टों में छिपाया गया था विस्फोटक

आरोपियों ने शुरुआत में कार में यूरिया खाद होने की बात कही, लेकिन तलाशी लेने पर यूरिया के कट्टों के बीच विस्फोटक सामग्री छिपाई हुई मिली। इस पर कार सवार सुरेंद्र पटवा (48) पुत्र भंवरलाल और सुरेंद्र मोची (33) पुत्र दुलीलाल, निवासी करवर (बूंदी) को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त कार और विस्फोटक सामग्री बरौनी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दी गई है। पुलिस ने अवैध विस्फोटक रखने और परिवहन करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

500 मीटर तक दहल सकता था इलाका

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विस्फोटक सामग्री इंद्रगढ़ (बूंदी) से लाकर टोंक के देशवाली मोहल्ला क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी, जिसका उपयोग अवैध खनन में किया जाना था। बताया जा रहा है कि इतनी मात्रा में विस्फोटक से करीब 500 मीटर तक का क्षेत्र प्रभावित हो सकता था।

यह वीडियो भी देखें

सप्लायर नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश तेज

जांच एजेंसियों का फोकस अब अवैध विस्फोटक सामग्री की सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क पर है। अमोनियम नाइट्रेट, डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज और सेफ्टी फ्यूज वायर कहां से खरीदे गए, किसने इन्हें उपलब्ध कराया और किन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी, इन सभी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। NIA और सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसियां भी दोनों आरोपियों की पृष्ठभूमि, मोबाइल कॉल डिटेल, लेन-देन और संपर्कों की जांच करेंगी।

प्रारंभिक तौर पर विस्फोटक सामग्री के खनन में उपयोग की बात सामने आई है, लेकिन मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

  • राजेश कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक, टोंक

ये भी पढ़ें

कोटा में सांड ने उठाकर फेंका, युवक बेहोश, सीपीआर देकर होश में लाए

Also Read
View All

अगली खबर