5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tonk: 39 दिन तक तालाब में डूबी रही कार, अंदर मिले 2 दोस्तों के गले हुए शव; देखकर हर कोई सन्न

Tonk News आवां कस्बे के नैनवा मार्ग स्थित रामसागर तालाब में भरे पानी में कार मिलने से कस्बे में हड़कंप मच गया।

2 min read
Google source verification

टोंक

image

Anil Prajapat

Feb 16, 2026

Tonk car accident

मौके पर लोग व इनसेट में तालाब में डूबी कार। फोटो: पत्रिका

टोंक। दूनी थाना क्षेत्र के आवां कस्बे के नैनवा मार्ग स्थित रामसागर तालाब में भरे पानी में कार मिलने से कस्बे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी व ट्रैक्टरों की मदद से तालाब के अंदर से कार को बाहर निकाली तो उसमें दो युवकों के सड़े-गले शव मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सन्न रह गया।

कार में शव मिलने की जानकारी पर आए परिजनों ने शवों की पहचान की। इसके बाद दोनों शवों का मौके पर ही दूनी चिकित्सालय के गठित चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि कार में मिले शव रेण थाना दबलाना जिला बूंदी निवासी रमेश (43) पुत्र जगन्नाथ गुर्जर व महावीर (40) पुत्र सेवा गुर्जर के है। दोनों युवकों की बूंदी के दबलाना थाने में परिजनों की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के तलाश करने के बावजूद सुराग नहीं लग पा रहा था।

बहनोई की कार लेकर गए थे

रेण निवासी मृतक रमेश व महावीर 8 जनवरी को ख्वासपुरा में आयोजित किसी समारोह में भाग लेने आए थे। इसके बाद रमेश ने ख्वासपुरा निवासी बहनोई सीताराम गुर्जर से कार मांगी और दोनों वहां से रवाना हो गए। संभवतया उसी दिन हादसा होने के बाद दोनों कार सहित आवां के रामसागर तालाब में गिर गए ओर डूबने से उसकी मौत हो गई। वापस नहीं आने पर बहनोई सहित परिजनों ने दोनों को हर जगह तलाश किया तो मोबाइल बंद पाया। आखिरकार परिजन 30 जनवरी को बूंदी के दबलाना थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई।

पानी ज्यादा होने से नहीं दिख पाया वाहन

रामसागर तालाब में पानी अधिक भरा होने के कारण अंदर डूबी हुई कार लोगों को दिखाई नहीं दी। पानी कम होने के बाद सोमवार को कस्बा सहित गुजर रहे लोगों ने कार की छत दिखाई दी। तालाब में कार होने की सूचना के बाद वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद मिली सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेन्द्र सिंह, देवली उपाधीक्षक हेमराज मूंड, दूनी थानाप्रभारी गौरव गुर्जर मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे ओर कार को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

सड़-गल गए थे दोनों शव

रामसागर तालाब से कार निकाले जाने के बाद उसमें से दोनों मृतकों के शव बाहर निकाले। इस दौरान शवों से भयंकर दुर्गंध ने मौजूद लोगों को दूर जाने से मजबूर कर दिया। वहीं पुलिसकर्मियों सहित परिजनों ने मुंह पर मास्क लगा व कपड़े बांध शवों को बाहर निकाला और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखवाया जहां चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश मीणा व डॉ. जितेश शिवनानी ने उनका पोस्टमार्टम किया।

अंतिम लोकेशन ख्वासपुरा तक

दोनों युवकों के लापता होने के बाद दर्ज गुमशुदगी के आधार पर दबलाना पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की तो उनकी अंतिम मोबाइल लोकेशन ख्वासपुरा में ही आई।