टोंक

Tonk Accident: मंजिल से पहले बिछड़ गया जीवन का साथ; पत्नी की मौत, पति घायल

जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोहेला बाइपास के पास हुए एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दी। झिलाय से टोंक के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर साथ निकले पति-पत्नी को शायद यह अंदेशा भी नहीं था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी साझा सफर बन जाएगा।
2 min read
Jun 27, 2026
tonk accident
मृतका वर्षा पारीक। फोटो पत्रिका नेटवर्क

टोंक। जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोहेला बाइपास के पास हुए एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दी। झिलाय से टोंक के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर साथ निकले पति-पत्नी को शायद यह अंदेशा भी नहीं था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी साझा सफर बन जाएगा। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।

बरोनी थानाधिकारी नारायण गुर्जर ने बताया कि झिलाय निवासी मनीष पारीक (42) पुत्र दीनदयाल पारीक अपनी पत्नी वर्षा पारीक (38) के साथ शुक्रवार को मोटरसाइकिल से टोंक जा रहे थे। सोहेला बाइपास के निकट पीछे से तेज गति से आई एक अन्य मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और हाईवे एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल दंपति को तत्काल सआदत अस्पताल टोंक पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने वर्षा पारीक को मृत घोषित कर दिया तथा मनीष पारीक का उपचार जारी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एक पल में हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। तथा बरोनी पुलिस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

देवली हाईवे पर दो ट्रक दुर्घटनाग्रस्त

जिले के देवली में नेशनल हाईवे पर पुलिस वृताधिकारी कार्यालय के पास एल्यूमिनियम ग्लास से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया कि अचानक पशु सामने आने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक पलट गया। हादसे में माल सड़क पर बिखर गया और कांच की प्लेटें टूट गईं।

सूचना मिलने पर थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को साइड करवाकर यातायात बहाल किया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर कांच के टुकड़े फैले होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

थाने के एएसआई सीताराम जाट ने बताया कि ट्रक में भेजे माल के मालिक ने मामले की रिपोर्ट दी है। इसी तरह सिरोही ग्राम के पास भी पशुओं के अचानक सड़क पर आने से बचाव में एक ट्रक पलट गया।

Published on:
27 Jun 2026 04:08 pm