टोंक

टोंक पंचायत चुनाव में मुकाबला हुआ दिलचस्प, 4-5 उम्मीदवार मैदान में; मतदाताओं की चुप्पी ने उलझाया जीत का गणित

निवाई में पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में प्रचार तेज हो गया है। कई उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है, वहीं मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 4:07 PM IST
Niwai Panchayat Election
Ai Generated Image

निवाई. गांवों की गलियों से लेकर चौपालों तक इन दिनों चुनावी रंगत छाई हुई है। पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सुबह होते ही समर्थकों के लाव-लश्कर के साथ जनसंपर्क का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है। कहीं चुनावी सभाओं में भीड़ जुटाकर दमखम दिखाया जा रहा है तो कहीं वाहनों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। प्रत्याशी आशीर्वाद मांग रहे हैं। लेकिन इस चुनावी शोर के बीच मतदाताओं की खामोशी ने सभी की धड़कनें बढ़ा रखी है। मतदाता हर प्रत्याशी से मिल रहे है, सबकी सुन रहे हैं, लेकिन अपने पत्ते खोलने को तैयार नहीं है। यही वजह है कि चुनाव प्रचार में आगे दिखने वाले उम्मीदवार भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नहीं हो पा रहे हैं।

चार-पांच प्रत्याशी, मुकाबला हुआ रोचक

जिन वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के साथ आरएलपी, बसपा तथा निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं, वहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है। चार-पांच प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनावी गणित उलझा दिया है। किसी एक उम्मीदवार की स्थिति मजबूत नजर नहीं आ रही। हर प्रत्याशी दूसरे के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा है।

गांवों में बनी है रंगत, दिन-रात जनसंपर्क

ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। प्रत्याशी सुबह से ही समर्थकों के साथ गांवों और ढाणियों में पहुंच रहे हैं। घर-घर दस्तक, छोटी सभाएं और व्यक्तिगत मुलाकातें चुनावी अभियान का हिस्सा बन गई हैं।

मतदाता सबके, लेकिन मन की बात किसी से नहीं

चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू मतदाताओं का व्यवहार है। वे सभी उम्मीदवारों से मिल रहे हैं, उनकी बातें सुन रहे हैं और आश्वासन भी दे रहे हैं। लेकिन किसे वोट देंगे, इसका संकेत तक नहीं दे रहे। यही चुप्पी प्रत्याशियों के लिए पहेली बनी हुई है।

रैलियों से शक्ति प्रदर्शन की होड़

प्रत्याशी चुनावी सभाओं, रैलियों और वाहन रैलियों का सहारा ले रहे हैं। समर्थकों की भीड़ और वाहनों के काफिले के जरिए अपनी लोकप्रियता का संदेश देने की कोशिश हो रही है। शक्ति प्रदर्शन के इस दौर में गांवों का माहौल पूरी तरह चुनावी हो गया है।

पैर छूकर मांग रहे आशीर्वाद

सरपंच पद के उम्मीदवार मतदाताओं को मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। कोई बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद मांग रहा है तो कोई युवाओं और महिलाओं से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन जुटा रहा है। प्रत्याशियों को उम्मीद है कि घर-घर पहुंचकर बनाया गया व्यक्तिगत जुड़ाव मतदान के दिन उनके काम आएगा।

चौथे चरण के लिए 14 नवंबर को होगा मतदान

टोंक जिले में पंचायतराज चुनाव के चौथे चरण के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। निवाई, टोंक, टोडारायसिंह और मालपुरा के आंशिक क्षेत्र में जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 74 वार्डों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में करीब 3.37 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चारों पंचायत समितियों के वार्डों में 224 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें निवाई में सबसे ज्यादा 92, टोंक में 53, टोडारायसिंह में 50 और मालपुरा में 30 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। इसके बाद 16 नवंबर को ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए वोट डाले जाएंगे। मालपुरा की बची हुई 13 ग्राम पंचायतों में भी इसी दिन मतदान होगा। गुरुवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी सार्वजनिक रूप से प्रचार नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Updated on:
12 Nov 2026, 4:07 PM IST
Published on: