टोंक

Railway Overbridge: राजस्थान के इस रेलवे फाटक पर जाम से मिलेगी मुक्ति, अंतिम चरण में पहुंचा ओवरब्रिज का काम

Chainpura fatak ROB: टोंक जिले के निवाई में जयपुर रोड स्थित चैनपुरा फाटक रेलवे ओवरब्रिज पर वर्षों से लगने वाले जाम और लंबी प्रतीक्षा की समस्या अब खत्म होने की ओर है। यहां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
2 min read
May 04, 2026
Chainpura fatak railway overbridge
चैनपुरा रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज। फोटो: पत्रिका

टोंक। टोंक जिले के निवाई में जयपुर रोड स्थित चैनपुरा फाटक रेलवे ओवरब्रिज पर वर्षों से लगने वाले जाम और लंबी प्रतीक्षा की समस्या अब खत्म होने की ओर है। यहां निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और करीब 85 से 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

परियोजना की तेज प्रगति से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें राहत मिलेगी। रेलवे विभाग की ओर से क्रॉसिंग क्षेत्र में कार्य की अनुमति मिलते ही निर्माण एजेंसियों ने शेष कार्यों में गति बढ़ा दी है।

रेलवे ट्रैक के ऊपर अस्थायी गर्डर लॉन्चिंग का काम शेष

सहायक इंचार्ज बलवीर सिंह ने बताया कि बचा हुआ काम प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिससे निर्धारित समय में परियोजना को पूरा कर आमजन के लिए खोलने की तैयारी है। तकनीकी मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। 72 मीटर स्पैन के बो-स्ट्रिंग गर्डर की असेंबलिंग का कार्य पूरी तरह पूर्ण कर लिया गया है।

अब केवल रेलवे ट्रैक के ऊपर अस्थायी गर्डर लॉन्चिंग का काम शेष है। इसके बाद अत्याधुनिक स्लाइडिंग तकनीक के जरिए गर्डर को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा, जो इस परियोजना का सबसे अहम चरण माना जा रहा है।

जाम से मिलेगी निजात

ओवरब्रिज के शुरू होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक जीवन में भी बड़ा बदलाव आएगा। फाटक बंद रहने से लगने वाले जाम से निजात मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का समय बचेगा। साथ ही एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी बाधा रहित हो सकेगी।

आरओबी के शुरू होते ही विकास को मिलेगी नई गति

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ओवरब्रिज लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रहा है। अब जब परियोजना अपने अंतिम पड़ाव पर है, तो लोगों को इसके शीघ्र उद्घाटन का इंतजार है। प्रशासन का भी मानना है कि आरओबी के शुरू होते ही निवाई क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी। वर्तमान में जयपुर रोड का सारा यातायात निवाई शहर से होकर गुजर रहा है जिससे आए जाम लग जाता है। यह ओवरब्रिज पूरा होते है आमजन को राहत मिलेगी और यातायात पुनः सुचारू हो पाएगा।

Updated on:
04 May 2026 11:35 am
Published on:
04 May 2026 11:35 am