
Bisalpur Dam : राजमहल (टोंक). जयपुर, अजमेर और टोंक सहित आस-पास के क्षेत्रों की वर्ष 2051 तक बढ़ने वाली पेयजल मांग को देखते हुए बीसलपुर बांध में तीसरे इंटेक पम्प हाउस का निर्माण करवाया जा रहा है। इसकी खासियत यह है कि इसका निर्माण समुद्र के तटीय क्षेत्रों में बनने वाले इंटेक पम्प हाउस की तर्ज पर बांध के जलभराव क्षेत्र में पानी के भीतर खंभे बनाकर किया जा रहा है। 122 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस पम्प हाउस से भविष्य में बीसलपुर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही ईआरसीपी के तहत कोटा के नवनेरा से बीसलपुर में पानी लाने की योजना को भी गति मिलेगी।
बीसलपुर बांध परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि नए इंटेक पम्प हाउस की क्षमता प्रतिदिन 1000 एमएलडी पानी पम्प करने की होगी। यह बांध पर पहले से संचालित दोनों पम्प हाउस से अधिक क्षमता का होगा। अभी जयपुर-अजमेर पेयजल आपूर्ति के लिए बने पम्प हाउस की क्षमता 990 एमएलडी प्रतिदिन है।
वर्तमान में बीसलपुर बांध से जयपुर, अजमेर और टोंक जिलों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। नई परियोजना के पूरा होने के बाद बढ़ती आबादी के अनुरूप जल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। अभी जयपुर को 575 एमएलडी, अजमेर में 330 एमएलडी और टोंक जिले में 68 एमएलडी जलापूर्ति प्रति दिन किया जा रहा है
नए पम्प हाउस का निर्माण समुद्र के तटीय क्षेत्रों में गहरे पानी और तेज लहरों के बीच तैयार होने वाले ढांचों की तकनीक पर किया जा रहा है। इसके लिए बांध के जलभराव क्षेत्र में पानी के भीतर मजबूत खंभे बनाकर ढांचा तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य कर रही गुजरात की कंपनी को दिसंबर 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
पम्प हाउस के निर्माण के साथ जयपुर और अजमेर सहित इनसे जुड़े सैकड़ों गांवों व कस्बों तक पेयजल पहुंचाने के लिए पाइप लाइन नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। अजमेर की ओर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है, जबकि जयपुर की ओर जाने वाली पाइप लाइन के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। ईआरसीपी के तहत नवनेरा से पानी मिलने और नई पाइप लाइन व्यवस्था विकसित होने से भविष्य की बढ़ती पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। सरकार की ओर से बनाए जा रहे इंटेक पम्प हाउस का 22 फीसदी काम पूरा हो गया है।