
Rajasthan Farmers : राजमहल (टोंक)। कभी दूर-दूर तक बजरी और रेत के खाली मैदान के रूप में नजर आने वाली बीसलपुर बांध के डाउन स्ट्रीम की बनास नदी इन दिनों हरियाली की चादर ओढ़ने लगी है। नदी के विस्तृत पेटे में किसानों की मेहनत ने ऐसा रंग दिखाया है कि बजरी के बीच अब सब्जियों की हरी-भरी क्यारियां नजर आने लगी है। यहां खीरा-ककड़ी, लौकी, टमाटर और कद्दू सहित विभिन्न सब्जियों के बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप लेने लगे है। खास बात यह है कि बनास की ककड़ी का स्वाद और गुणवत्ता केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली की प्रसिद्ध आजादपुर मंडी तक इसकी पहचान बनी हुई है।
बनास नदी के पेटा क्षेत्र में जहां कुछ समय पहले तक बजरी और खाली जमीन दिखाई देती थी, वहीं अब जगह-जगह सब्जियों के पौधों की कतारें नजर आने लगी है। किसानों ने रेतीले और बजरी युक्त खाली क्षेत्र में सब्जियों के बीज बौकर खेती शुरू की है। अनुकूल नमी और नियमित देखभाल के चलते खेतों में हरियाली छाने लगी है। दूर तक फैली बजरी के बीच हरी-भरी क्यारियां नदी की बदली तस्वीर पेश कर रही है। किसानों को आने वाले दिनों में पौधों के विकसित होने और बेहतर पैदावार की उम्मीद है।
बनास नदी के पेटा क्षेत्र में उत्पादित खीरा-ककड़ी और अन्य सब्जियों की मांग कई शहरों में है। यहां की उपज दिल्ली, जयपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा और बूंदी तक भेजी जाती है। खीरा-ककड़ी की दिल्ली की आजादपुर मंडी में अलग पहचान है। यहां की ककड़ी में पानी की मात्रा अधिक होने, गहरे हरे रंग और स्वादिष्ट होने के कारण इसे अन्य क्षेत्रों से आने वाली ककड़ी की तुलना में बेहतर दाम मिलते हैं। यही वजह है कि बनास नदी का पेटा क्षेत्र स्थानीय किसानों के साथ दूरदराज के काश्तकारों के लिए भी खेती का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।
बनास नदी के पेटा क्षेत्र में खेती करने के लिए आसपास के गांवों के अलावा टोंक, भरनी, नेगड़िया और छान सहित अन्य गांवों से भी किसान पहुंचते हैं। ये किसान एक फसल के लिए भूमि किराए पर लेकर काश्तकारी करते हैं। खेती के दौरान करीब पांच से छह माह तक परिवार सहित नदी क्षेत्र में अस्थाई झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर रहते हैं और फसल की देखभाल करते हैं।