
Jai Moondra : बेलफास्ट में आयरलैंड-भारत के दूसरे टी-20 मैच में भी राजस्थान के टोंक के जय मूंदड़ा की गेंदबाजी के जादू के आगे भारतीय बल्लेबाज नतमस्तक हो गए। इस मैच में जय मूंदड़ा ने 32 रन देकर 3 विकेट अपनी झोली में डाला। इस मैच की जीत के साथ ही दो मैचों की सीरीज में आयरलैंड ने भारतीय टीम का क्लीन स्वीप कर दिया। दूसरे टी-20 मैच में जय मूंदड़ा अपनी गेंदबाजी से छाए हुए थे। उन्होंने अपने पहले ओवर में भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को शून्य पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। जय मूंदड़ा ने पहले ही ओवर में दोनों को आउट कर दिया। इसके साथ ही जय मूंदड़ा ने कप्तान श्रेयस अय्यर का भी विकेट लिया।
कमाल की बात है कि जय मूंदड़ा ने टी-20 के दोनों मैच में संजू सैमसन का विकेट लिया। वे अपने डेब्यू मैच में दूसरा ओवर डालने आए थे और अपनी पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को आउट कर दिया था। दूसरे टी-20 मैच में भी संजू उनकी पहली ही गेंद पर आउट हो गए।
राजस्थान के टोंक में जन्मे आयरलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा इस सीरीज में पूरी तरह से छाए रहे। जय ने 2 मैचों की सीरीज में कुल पांच विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। 26 जून को बेलफ़ास्ट में खेले गए पहले आयरलैंड भारत T20 मैच में मूंदड़ा ने संजू सैमसन और शिवम दुबे के विकेट लिए थे।
क्रिकेटर जय मूंदड़ा (28 साल) 2021 में M.Tech की डिग्री लेने के लिए स्टूडेंट वीज़ा पर आयरलैंड गए थे। वहां रहने के दौरान, उन्होंने नौकरी करने के साथ-साथ क्रिकेट खेलना भी शुरू किया। वर्ष 2025 में उन्हें आयरलैंड की नागरिकता मिली और उनका आयरलैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में भी चयन हो गया। जय का चयन उनकी आक्रामक गेंदबाज़ी और मज़बूत बल्लेबाज़ी के दम पर हुआ है। वे टोंक और राजस्थान अंडर-14 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान में कई राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है।
राजस्थान के टोंक जिले के जय मूंदडा आयरलैंड के लिए खेलने वाले भारतीय मूल के दूसरे खिलाड़ी है। उनसे पहले पंजाब में जन्में सिमी सिंह 2017 में आयरलैंड के लिए खेले थे।