टोंक

Tonk Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 22 लोग घायल, कई जयपुर रेफर

राजस्थान के टोंक जिले में रविवार को भीषण हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-52 पर श्रद्धालुओं से भरी बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 22 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया।
2 min read
Aug 02, 2026
tonk accident
Tonk Accident: घायलों का इलाज करते चिकित्सक (फोटो-IANS)

टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में नेशनल हाईवे-52 पर रविवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसा नया गांव के पास हुआ, जिसमें बस में सवार 25 यात्रियों में से 22 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।

घायलों ने बताया कि बस कोटा से श्रद्धालुओं को लेकर मौजमाबाद स्थित स्वस्ति धाम में दर्शन के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में नया गांव के पास हाईवे पर खड़े एक ट्रेलर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए।

महिला यात्रियों ने सुनाई आपबीती

हादसे में घायल एक महिला यात्री ने बताया कि सभी लोग भगवान के दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। दूसरी महिला यात्री ने कहा कि बस में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित दर्शन कर लौटने की उम्मीद लेकर निकले थे, लेकिन दुर्घटना ने पूरी यात्रा को दर्दनाक बना दिया। उन्होंने भगवान से सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

चालक की हालत गंभीर

कोटा निवासी रेनू जैन ने बताया कि बस की टक्कर से कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं यात्री मुकेश कुमार जैन ने कहा कि बस में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें से 22 घायल हुए हैं। चालक की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

कई घायलों को जयपुर किया गया रेफर

प्रशासन के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस और चिकित्सा दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Updated on:
02 Aug 2026 04:34 pm
Published on:
02 Aug 2026 04:34 pm