उप तहसील दत्तवास क्षेत्र में भाड़ोती-खिरनी-बौंली-बोरदा-मित्रपुरा-दत्तवास मार्ग को एनएच-11ए को विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है।
निवाई (टोंक) । उप तहसील दत्तवास क्षेत्र में भाड़ोती-खिरनी-बौंली-बोरदा-मित्रपुरा-दत्तवास मार्ग को NH-11A को विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। 1.3 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के नवीनीकरण, चौड़ीकरण और सौंदर्यकरण के लिए 10 करोड़ 98 लाख रुपए की स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जाग उठी हैं। लंबे समय से जर्जर और संकरे इस मार्ग के उन्नयन से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
इस परियोजना की सबसे खास बात यह रही कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में स्थानीय लोगों ने प्रशासन का इंतजार किए बिना खुद पहल की। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्धारित समयावधि के दौरान मंगलवार को दत्तवास में व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए। लोगों ने विभाग द्वारा चिन्हित सीमा तक दुकानों और मकानों के पक्के निर्माण हटाकर विकास कार्य में सहयोग का सराहनीय उदाहरण पेश किया। यह पहल जनसहभागिता की एक सकारात्मक मिसाल बनकर सामने आई है।
परियोजना के तहत करीब 100 से अधिक दुकानें और 25 मकान सड़क सीमा में आ रहे हैं। वर्तमान में महज 20 फीट चौड़ा यह मार्ग अतिक्रमण हटने के बाद करीब 13 मीटर चौड़ा हो जाएगा। इससे लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे दत्तवास को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुगम व सुरक्षित हो सकेगा।
इस मार्ग के विकसित होने से जयपुर से दत्तवास होते हुए भाड़ोती तक आवागमन तेज और सुगम हो जाएगा। भाड़ोती से सवाई माधोपुर तक पहले से टोल रोड उपलब्ध है, ऐसे में एनएच-11ए के निर्माण के बाद क्षेत्र के सैकड़ों गांव सीधे हाइवे से जुड़ जाएंगे।
इससे न केवल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। दत्तवास में शुरू हुई यह पहल अब विकास की नई राह खोलती नजर आ रही है, जहां जनसहभागिता और प्रशासनिक प्रयास मिलकर क्षेत्र की तस्वीर बदलने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में यह परियोजना क्षेत्र की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।