
पीड़ित दुल्हनें (फोटो-पत्रिका)
टोंक। जिले के उनियारा क्षेत्र में दो नवविवाहित दुल्हनों के साथ मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार रघुनाथपुरा कला गांव निवासी परिवार के लोग मंगलवार शाम दोनों दुल्हनों को ससुराल से वापस घर लेकर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और हमला कर दिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे ज्ञानपुरा तिराहे के पास पहुंचे तो शराब के नशे में धुत सात लोगों ने बाइक आगे लगाकर उनकी गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी में बैठी नवविवाहित दुल्हनों टीना और नीरू के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके जेवर भी छीन लिए गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गाड़ी में मौजूद अन्य परिजनों को भी नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोकेश, खुशीराम, अजय और मनोज ने बीच-बचाव कर पीड़ित परिवार को आरोपियों से छुड़ाया। उनके हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी ने बताया कि रघुनाथपुरा कला निवासी रामसागर मीणा की रिपोर्ट के आधार पर मनराज जाट सहित सात नामजद आरोपियों के खिलाफ लूट, अपहरण के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार दोपहर परिजन उनियारा थाने पहुंचे और थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Published on:
01 Apr 2026 04:29 pm
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
