टोंक

Tonk News: तीन बहनों के इकलौते भाई की बनास नदी में डूबने से मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

टोंक जिले के देवली में बनास नदी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तीन बहनों का इकलौता भाई 17 वर्षीय पीयूष मंगलवार शाम से लापता था। नदी किनारे उसकी स्कूटी और चप्पल मिलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह उसका शव मिला।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 6:36 PM IST
tonk news
Tonk: मृतक पीयूष मीणा (फाइल फोटो-पत्रिका)

टोंक। जिले के देवली में बनास नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मंगलवार शाम से लापता किशोर का शव बुधवार सुबह बोयड़ा गणेशजी मंदिर के समीप नदी में तलाशी अभियान के दौरान मिला। मृतक की पहचान पीयूष मीणा के रूप में हुई है। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता श्रीनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात हैं।

थाने के सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण जाट ने बताया कि पीयूष मीणा पुत्र चरण सिंह मीणा निवासी सांवतगढ़, हाल कुचलवाड़ा रोड, थाना हनुमाननगर का रहने वाला था। वह कक्षा 11 में कृषि संकाय का विद्यार्थी था और किसान क्लासेज में पढ़ाई कर रहा था।

नदी किनारे मिली स्कूटी और चप्पल

जानकारी के अनुसार, पीयूष मंगलवार को स्कूटी लेकर घर से अकेला निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बोयड़ा गणेशजी मंदिर के समीप बनास नदी के किनारे उसकी स्कूटी और चप्पल मिलीं। इससे उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने नदी में तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन जारी रही। कुछ परिजन रातभर घटनास्थल पर ही रुके रहे।

बुधवार सुबह मिला शव

बुधवार सुबह एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान गणेश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरिराज जोशी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सुझाव पर रस्सी और बलाई की मदद से नदी में तलाश की गई। काफी प्रयासों के बाद पीयूष का शव नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को देवली उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

श्रीनगर में तैनात हैं पिता, छुट्टी लेकर रवाना

मृतक के जीजा दौलतराम मीणा निवासी लुहारी ने बताया कि पीयूष परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। पिता चरण सिंह मीणा श्रीनगर में सीआरपीएफ में तैनात हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वे ड्यूटी से छुट्टी लेकर फ्लाइट से देवली के लिए रवाना हुए। परिजन आशंका जता रहे हैं कि पीयूष का पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया होगा। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, पिता के पहुंचने और परिजनों की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
18 Nov 2026, 6:36 PM IST
Published on: