टोंक

टोंक में लावारिस मिली मासूम, जिन हाथों से मिलना था प्यार, उन्हीं पर मारपीट का आरोप; ट्रेन में छोड़ गए थे माता-पिता!

Tonk News : टोंक। शहर के बहीर क्षेत्र में सोमवार को करीब पांच से छह साल की एक मासूम बालिका लावारिस हालत में मिली। बच्ची के हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान पाए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 7:28 PM IST
tonk innocent child found abandoned four youths brought helpline
Tonk News : चाइल्ड हेल्पलाइन का दृश्य। फोटो पत्रिका

Tonk News : टोंक। शहर के बहीर क्षेत्र में सोमवार को करीब पांच से छह साल की एक मासूम बालिका लावारिस हालत में मिली। बच्ची के हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान पाए गए हैं। बच्ची ने अपने माता-पिता पर मारपीट करने और ट्रेन में छोड़ने का आरोप लगाया है। चार युवकों ने मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन पहुंचाया। इसके बाद बाल कल्याण समिति और बाल अधिकारिता विभाग ने उसे संरक्षण में लेकर उपचार की व्यवस्था की।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष हेमराज चौधरी ने बताया कि शाम को चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से बच्ची के मिलने की सूचना मिली थी। चाइल्डलाइन को चार युवक बच्ची के साथ लेकर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर तत्काल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। उसके प्राथमिक उपचार के साथ सीटी स्कैन, एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांच कराई जा रही हैं।

ट्रेन, बस और ऑटो से पहुंची टोंक

बच्ची ने बातचीत में खुद को जयपुर का बताया है। उसके अनुसार माता-पिता ने उसके साथ मारपीट कर उसे ट्रेन में छोड़ दिया था। वह ट्रेन से निवाई पहुंची और वहां से बस तथा ऑटो के जरिए टोंक के बहीर कॉलेज ग्राउंड के आसपास पहुंच गई। हालांकि बच्ची अभी अपना पूरा पता स्पष्ट नहीं बता पा रही है। उसके बयानों की पुष्टि जांच और काउंसलिंग के बाद ही हो सकेगी।

माता-पिता की तलाश, नियमानुसार होगी कार्रवाई

सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग नवल खान ने बताया कि बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्ची को बाल गृह में प्रवेश दिलाया गया है। चोटों के कारण उसका अस्पताल में उपचार जारी है। स्वस्थ होने के बाद उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके बाद उसके गृह क्षेत्र और माता-पिता का पता लगाने का प्रयास होगा। जरूरत पड़ने पर नियमानुसार उसे संबंधित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।

नवल खान ने बताया कि माता-पिता की तलाश और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समिति अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बच्ची को उसकी इच्छा के विरुद्ध माता-पिता के पास भेजने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।

Updated on:
23 Nov 2026, 7:28 PM IST
Published on: