टोंक

Tonk: कलक्टर टीना डाबी के सामने BJP विधायक का आरोप, रेंजर की मिलीभगत से चल रहा अवैध बजरी खनन, ‘अफसर खुद निकलवाते हैं डंपर’

टोंक के उनियारा क्षेत्र के ककोड़ में रात्रि चौपाल के दौरान बजरी माफिया और वन विभाग रेंजर की मिलीभगत के आरोप लगे। विधायक राजेंद्र गुर्जर ने मामला कलेक्टर टीना डाबी के सामने उठाया। ग्रामीणों ने अवैध बजरी खनन और परिवहन की शिकायत की।
2 min read
May 07, 2026
Tonk News
उनियारा-ककोड में आयोजित शिविर में कलक्टर को समस्या बताते लोग (पत्रिका फोटो)

टोंक: उनियारा क्षेत्र के ककोड़ में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान बजरी माफिया और वन विभाग के रेंजर के बीच मिलीभगत के गंभीर आरोप सामने आए। ककोड़ मुख्यालय पर आयोजित चौपाल में विधायक राजेंद्र गुर्जर ने यह मामला कलेक्टर टीना डाबी के समक्ष उठाया।

बता दें कि चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि रेंजर की मिलीभगत से क्षेत्र में अवैध बजरी खनन जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी स्वयं वाहन लेकर डंपरों को निकलवाते हैं और छोटे रास्तों से बड़े स्तर पर बजरी का परिवहन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां किसानों पर सख्ती बरती जा रही है, वहीं बजरी माफियाओं को खुली छूट दी जा रही है। इस दौरान वन विभाग के नियमों और उनके पालन को लेकर भी सवाल उठाए गए।

विधायक ने चौपाल में सवाल किया कि क्या वन मार्ग का व्यावसायिक उपयोग किया जा सकता है। इस पर रेंजर पंकज शर्मा और एसीएफ अनुराग ने कलक्टर के समक्ष अपना पक्ष रखा। कलक्टर टीना डाबी ने मामले में फोटो और वीडियो साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा जांच के संकेत दिए हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

चौपाल में कलक्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और उनके सुझाव व समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ यात्रा का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। अभियान के तहत 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी के साथ प्रचार सामग्री भी वितरित की जा रही है।

कुल 90 परिवाद प्राप्त हुए

करीब 3 से 4 घंटे चली चौपाल में कुल 90 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, अतिक्रमण, बिजली, सड़क और पीएम आवास योजना से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कलेक्टर ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए और सभी शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से आमजन के कार्य सरलता से करने और ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर एडीएम रामरतन सौकरिया, एसडीएम पूजा मीना, तहसीलदार पूजा मीना, विकास अधिकारी शंकरलाल सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Updated on:
07 May 2026 10:17 am
Published on:
07 May 2026 09:45 am