टोंक

Tonk: 22 दिन… 528 घंटे से बिना बिजली के रह रहे लोग, ग्रामीणों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

टोंक जिले की मोग्या ढाणी में 22 दिन से बिजली बंद होने से परेशान ग्रामीणों ने उप तहसील कार्यालय पर धरना दिया। नायब तहसीलदार राजेश चौधरी ने 21 मई शाम तक बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

2 min read
May 21, 2026
Tonk electricity news
ग्रामीणों का उप तहसील कार्यालय पर धरना

टोंक। जिले के रानोली उप तहसील क्षेत्र की मोग्या ढाणी में पिछले 22 दिनों से बिजली कटी हुई है। इस बिजली कटने के विरोध में ग्रामीणों ने रानोली के उपतहसील कार्यालय पर धरना दिया और एक बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। उन्हें आज शाम तक बिजली सुचारू रूप से चालू होने का आश्वासन मिला है। पिछले कितने ही समय से ग्रामीण धरना और शिकायतें किए जा रहे हैं जिसके बाद भी उनकी नहीं सुनी जा रही थी, जिसके बाद आज एक और बार उन्हें आश्वासन दिया गया की 21 मई की शाम तक बिजली की व्यवस्था कर दी जाएगी। इस बात पर ग्रामीणों ने धरना खत्म किया। ग्रामीणों का कहना है कि 29 अप्रैल को आई तेज आंधी में ट्रांसफार्मर खंभे समेत उखड़ गया था। इसके बाद से ढाणी की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद पड़ी है।

गर्मी में बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि 22 दिन से बिजली बंद होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। रात में अंधेरे और गर्मी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से पानी की समस्या भी बढ़ गई है, क्योंकि कई जगह मोटरें बंद पड़ी हैं। बिजली नहीं होने से आम जीवन कटना मुश्किल हो गया है, जिससे परेशान होकर उन्होंने धरना करने का फैसला किया और आगे बात ना बनने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बहाल करवाने के लिए कई बार बिजली निगम और अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार सुनवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीण टोंक जिले के रानोली उप तहसील कार्यालय पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि जब तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं होगी, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली बहाल करने की मांग की।

नायब तहसीलदार ने दिया आश्वासन

धरने की सूचना मिलने पर रानोली के नायब तहसीलदार राजेश चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि 21 मई की शाम तक बिजली सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि अभी तक ढाणी के लोग बिजली आने का इंतजार कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें प्रशासन के आश्वासन पर भरोसा है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द बिजली सप्लाई बहाल होगी।

Published on:
21 May 2026 03:53 pm