टोंक

टोंक में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवा रही थी नगर परिषद की टीम, तभी हो गया हादसा; मची अफरा-तफरी

टोंक शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से नगर परिषद टोंक की ओर से बस स्टैंड से धन्नातलाई तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
2 min read
May 01, 2026
Municipal Council Tonk
नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाती जेसीबी व घायल होमगार्ड को ले जाते कर्मचारी। फोटो: पत्रिका

Tonk News: टोंक शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से नगर परिषद टोंक की ओर से बस स्टैंड से धन्नातलाई तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान परिषद की टीम ने पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, टीनशेड, ठेले-थडिय़ां और अन्य अवैध कब्जों को हटाया। इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से कई स्थानों पर लंबे समय से जमे अतिक्रमण हटाए गए।

टोंक में जेसीबी की मदद से नगर परिषद की टीम अतिक्रमण हटवा रही थी, तभी हादसा हो गया। एक टीनशेड हटाते समय अचानक ढांचा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर नगर परिषद में लगा होमगार्ड मुकेश कुमार घायल हो गया। इससे मौके पर अफरा—तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत बाहर निकाला।

घायल होमगार्ड को सआदत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों के अनुसार कर्मचारी की हालत फिलहाल ठीक है। नगर परिषद के राजस्व अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई आयुक्त धर्मपाल जाट के निर्देश पर की गई।

कई जगह हुआ विरोध

अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों की ओर से कार्रवाई का विरोध भी जताया गया। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। अभिषेक ने बताया कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी।

इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है और आगे भी शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को व्यवस्थित और साफ सुथरा बनाया जा सके।

अस्थायी नहीं तोड़े, महज केबिन पर ही नजर

कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध किया कि नगर परिषद महज केबिन और थडिय़ों पर जेसीबी चला रही है। जबकि इस मार्ग पर नहर किनारे कई स्थानीय निर्माण हो चुके हैं। जबकि वे भी अवैध है। लेकिन नगर परिषद ने थड़ी व केबिन को निशाना बनाया है। जबकि समानांतर कार्रवाई करते हुए अस्थायी अतिक्रमण को भी ध्वस्त करना चाहिए। इधर, दूसरी तरफ यह भी सामने आया कि कई लोग थड़ी व केबिन रखकर अतिक्रमण कर लेते हैं। बाद में उन्हें किराए पर दे देते हैं।

Updated on:
01 May 2026 12:19 pm
Published on:
01 May 2026 12:19 pm