टोंक

Tonk Road Accident : काल बनकर दौड़ा ट्रक, टक्कर से बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत

Tonk Road Accident : टोंक जिले में कौथून-लालसोट मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
2 min read
May 12, 2026
tonk niwai road accident couple death
दंपती की दर्दनाक मौत। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Tonk Road Accident : निवाई (टोंक)। रात का सन्नाटा, सड़क पर सामान्य आवाजाही और घर लौटते एक दंपती के मन में अपनों से मिलने की उम्मीदें हिंगोनिया बुजुर्ग मोड़ पर कुछ ही पलों में मौत में बदल गईं। एक तेज रफ्तार ट्रक काल बनकर आया और मोटरसाइकिल को ऐसी टक्कर मारी कि उनकी जिंदगी वहीं सड़क पर बिखर गई । कौथून-लालसोट मार्ग पर सोमवार रात करीब आठ बजे हुए इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

समेल, दौसा निवासी मुकेश मीणा (40) अपनी पत्नी छोटी मीणा (35) के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे हिंगोनिया मोड़ के पास पहुंचे, लालसोट की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी ।

सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पते रहे

टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों उछलकर दूर जा गिरे और सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पते रहे। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो चुका था । कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ उमड़ पड़ी और सड़क पर यातायात थम सा गया। सूचना मिलते ही दत्तवास थानाधिकारी हीरालाल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे।

टोल प्लाजा पर पकड़ा ट्रक

उन्होंने स्थिति को संभालते हुए गंभीर रूप से घायल दंपती को तत्काल एम्बुलेंस से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकसू भिजवाया और बाधित यातायात को सुचारू कराया । थानाधिकारी ने फरार ट्रक का पीछा किया और हरभांवता टोल प्लाजा पर उसे रुकवा लिया, लेकिन चालक वहां से भी फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया गया । लेकिन अस्पताल में जिंदगी की जंग ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। गंभीर चोटों से जूझ रहे मुकेश और छोटी ने उपचार के दौरान एक साथ अंतिम सांस ली।

पूरे गांव में छाया मातम

पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शवों को मोर्चरी में रखवाया और मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए। घटना की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, पूरे समेल में मातम छा गया। जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो हर घर से सिसकियां सुनाई देने लगीं । अंतिम संस्कार के समय जनसैलाब उमड़ पड़ा और माहौल गमगीन हो गया।

Published on:
12 May 2026 06:08 pm