टोंक

Tonk : एक महीने से पैंथर फैला रहा दहशत, स्कूल के बाथरूम में छिपा मिला, वन विभाग की टीम ने किया कैद

Tonk : टोंक. जिले के अलीगढ़ कस्बे में पिछले एक माह से अधिक समय से लोगों में दहशत का कारण बना पैंथर आखिरकार शनिवार को वन विभाग की टीम के हाथ लग गया।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:15 PM IST
tonk panther hiding school bathroom forest department team captured it
Tonk : अलीगढ़ के माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के परिसर में रेस्क्यू के बाद पिंजरे में कैद पैंथर। फोटो पत्रिका

Tonk : टोंक. जिले के अलीगढ़ कस्बे में पिछले एक माह से अधिक समय से लोगों में दहशत का कारण बना पैंथर आखिरकार शनिवार को वन विभाग की टीम के हाथ लग गया। सुबह आबादी क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ स्थित मालियों के मोहल्ले के निजी स्कूल परिसर में पैंथर की हलचल दिखाई देने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दिनभर सर्च अभियान चलाया। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद शाम पांच बजे विद्यालय परिसर के बाथरूम में छिपे पैंथर को ट्रेंकुलाइज से पिंजरे में कैद कर लिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे विद्यालय परिसर में बने कमरों की छत और आस-पास पैंथर की हलचल दिखाई दी। इससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पैंथर दीवार फांदकर खेतों और जंगल की ओर भाग निकला। टीम ने परिसर में मिले पगमार्क के आधार पर पैंथर की मौजूदगी की पुष्टि की और आस-पास के क्षेत्र में तलाश शुरू की।

पैंथर को देखने उमड़ी लोगों की भीड़

वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरों की मदद से विद्यालय परिसर की छतों और आसपास के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी। इसी दौरान पैंथर की दोबारा लोकेशन मिलने पर टीम ने रेस्क्यू अभियान तेज किया। युवा ग्राम विकास समिति के सदस्यों ने भी वन विभाग की टीम के साथ मिलकर पैंथर को पकड़ने में सहयोग किया। लगातार तलाश के बाद पैंथर विद्यालय परिसर के बाथरूम में छिपा मिला। टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पिंजरे में बंद कर दिया। पैंथर के पकड़े जाने की सूचना फैलते ही उसे देखने के लिए कस्बे और आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

एक माह से बना हुआ था दहशत का माहौल

टोंक जिले के अलीगढ़ कस्बे में पिछले एक माह से अधिक समय से पैंथर की लगातार हलचल से लोग भयभीत थे। आबादी क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के साथ खेतों और जंगलों में भी पैंथर दिखाई देने की घटनाएं सामने आ रही थीं। एक सप्ताह पहले दो अलग-अलग स्थानों पर पैंथर के श्वानों का शिकार करने की घटनाएं भी सामने आई थीं। वन विभाग की टीम लगातार गश्त और निगरानी कर रही थी। संभावित ठिकानों पर दो छोटे और दो बड़े पिंजरे भी लगाए गए थे। इसके अलावा नाहरगढ़ अभयारण्य जयपुर से आई विशेष टीम में शामिल एक चिकित्सक और दो विशेषज्ञ भी रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए थे।

पैंथर की दहशत के चलते लोग सुबह-शाम की सैर पर जाने से कतरा रहे थे। खेतों में कृषि कार्य करने वाले किसानों और महिलाओं में भी भय बना हुआ था। शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर थे। कस्बे में एक से तीन-चार पैंथर होने की आशंका भी जताई जा रही थी।

12 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा था ज्ञापन

पैंथर को पकड़ने में हो रही देरी से नाराज युवा ग्राम विकास समिति के सदस्यों और कस्बेवासियों ने जिला कलक्टर तथा वन विभाग के उच्चाधिकारियों के नाम पंचायत समिति में विकास अधिकारी परसराम जाट को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा था। इसमें पैंथर को पकड़ने सहित सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की गई थी। मांगों का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।

Updated on:
28 Nov 2026, 9:15 PM IST
Published on: