टोंक

Tonk Crime : पानी में तैरती चप्पल बनी अहम सुराग, राजू गुर्जर की हत्या का हुआ खुलासा, जानें कैसे पकड़ में आए आरोपी

Tonk Crime : टोंक के बनेठा थाना क्षेत्र के रूपवास गांव में गत 5 अक्टूबर की सुबह हुई राजू गुर्जर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस को घटनास्थल के पास खेत में पानी में तैरती एक चप्पल और पास ही लोहे का पाइप भी मिला। उसके बाद जानें आरोपी कैसे पकड़े गए?
2 min read
• •
Oct 08, 2026
tonk crime raju gurjar murder revealed important clue slippers floating water
Tonk Crime : मृतक राजू लाल (पत्रिका फोटो)

Tonk Crime : टोंक. बनेठा थाना क्षेत्र के रूपवास गांव में गत 5 अक्टूबर की सुबह हुई राजू गुर्जर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने सोने की मुर्कियां लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की मुर्कियां तथा वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।

टोंक के पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने बताया कि गत 5 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली थी कि रूपवास धाबाई की ढाणी के पास कच्चे रास्ते पर एक मोटरसाइकिल गिरी हुई है और पास में एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। सूचना पर पुलिस, एफएसएल, एमआइयू, डीएसटी और साइबर सेल की टीमें मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल राजू गुर्जर को सआदत अस्पताल टोंक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में बनेठा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल पर मिली चप्पल बनी अहम सुराग

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फुटप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। आस-पास के गांवों और ढाणियों में डोर-टू-डोर पूछताछ की गई। घटनास्थल के पास खेत में पानी में तैरती एक चप्पल और पास ही लोहे का पाइप भी मिला। जिला स्पेशल टीम ने चप्पल की फोटो लेकर घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों से उसके बारे में जानकारी ली। पूछताछ में चप्पल की पहचान निरुद्ध किए गए एक नाबालिग के छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध के घर की तलाशी लेकर दोनों नाबालिगों को निरुद्ध किया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार वारदात का खुलासा हुआ।

पता था रोज देने जाता है दूध ...

पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग मृतक राजू गुर्जर को पहले से जानते थे। राजू उनकी ढाणी में रोजाना दूध देने आता था। उसके कानों में सोने की मुर्कियां देखकर दोनों ने उन्हें लूटने की योजना बनाई। घटना वाले दिन दोनों धारदार हथियार लेकर रास्ते में छिपकर बैठ गए। राजू के मोटरसाइकिल से वहां पहुंचने पर दोनों ने उसे आवाज देकर रोक लिया और आगे तक छोड़ने के लिए कहा। मोटरसाइकिल रोकने पर एक नाबालिग ने पीछे बैठकर कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया। राजू के गिरने के बाद दोनों ने उसके कानों से धारदार हथियार की मदद से सोने की मुर्कियां निकाल ली।

पुलिस के अनुसार दोनों ने मृतक के हाथों में पहने चांदी के कड़े और जेब में रखे 22 हजार रुपए भी निकालने का प्रयास किया। लेकिन किसी के आने की आहट सुनकर चांदी के कड़े और नकदी मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बताया कि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों की उम्र करीब 15 और 17 वर्ष है। वे खानाबदोश परिवार से है।

कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल कमल प्रसाद और उनियारा वृत्ताधिकारी अशोक कुमार के सुपरविजन में की गई। बनेठा थानाधिकारी हीरालाल और जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीमों ने कार्रवाई की।

Updated on:
08 Oct 2026 08:32 pm
Published on:
08 Oct 2026 08:29 pm