टोंक

Tonk Accident: सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक की मौत, पत्नी गंभीर घायल, खुशियों वाले घर में पसरा सन्नाटा

Tonk Accident: देवली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सरकारी शिक्षक 45 वर्षीय रघुनंदन पाराशर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कविता (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

less than 1 minute read
Apr 27, 2026
tonk road accident
मृतक रघुनंदन पाराशर। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Tonk Road Accident : टोंक। देवली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। राजसमंद के आमेट में पदस्थापित सरकारी शिक्षक 45 वर्षीय रघुनंदन पाराशर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कविता (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक मूल रूप से लावा (डिग्गी) के निवासी थे।

रघुनंदन पाराशर अपनी पत्नी के साथ चांदली गांव में ससुराल पक्ष के रिश्तेदार धनराज पाराशर के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार रात तक घर में शादी की खुशियां और जश्न का माहौल था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि अगली सुबह हादसा दुख में बदल जाएगा।

हेलमेट चकनाचूर, मौके पर तोड़ा दम

सोमवार सुबह शादी के कार्यक्रम के बाद दंपति स्कूटी से कुचलवाड़ा माताजी के दर्शन के लिए निकले थे। होटल सूर्य महल के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रघुनंदन का हेलमेट चकनाचूर हो गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल कविता को तुरंत उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने रघुनंदन को मृत घोषित कर दिया।

खुशियों वाले घर में पसरा सन्नाटा

घटना की सूचना मिलते ही लावा और चांदली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के ससुर विष्णुदत्त के घर, जहां कुछ ही देर पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर थाना पुलिस के एएसआई सैयद जावेद मौके पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करवाया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Updated on:
27 Apr 2026 06:43 pm
Published on:
27 Apr 2026 06:39 pm