टोंक

कहीं एक वोट ने बनाया सरपंच, तो कहीं 1061 मतों से मिली जीत; टोंक में इन पंचायतों में भी रहे रोचक मुकाबले

टोंक पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के चुनाव परिणाम कहीं एकतरफा जीत की कहानी बयां कर रहे हैं तो कहीं एक-एक वोट की अहमियत बता रहे हैं। पालड़ा में रामस्वरूप मीणा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1061 मतों से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की, वहीं नूरपुरा खेड़ा में महज एक वोट ने हार-जीत का फैसला कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 5:27 PM IST
tonk Sarpanch Election
टोंक में एक वोट से रजनी देवी बनी सरपंच (फोटो पत्रिका)

Tonk Sarpanch Election 2026: टोंक। पंचायत राज चुनाव में लोकतंत्र की ताकत और मतों का गणित दोनों की दिलचस्प तस्वीर सामने आई। टोंक पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के चुनाव परिणाम कहीं एकतरफा जीत की कहानी बयां कर रहे हैं तो कहीं एक-एक वोट की अहमियत बता रहे हैं। पालड़ा में रामस्वरूप मीणा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1061 मतों से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की, वहीं नूरपुरा खेड़ा में महज एक वोट ने हार-जीत का फैसला कर दिया। यहां रजनी देवी ने 294 वोट हासिल कर जैना देवी (293) को एक वोट से शिकस्त दी। खास बात यह रही कि घांस ग्राम पंचायत की कन्या 1840 मत लेकर सर्वाधिक वोट हासिल करने वाली प्रत्याशी बनीं।

एक वोट से तय हुई जीत-हार

नूरपुरा खेड़ा में मुकाबला सबसे ज्यादा रोमांचक रहा। यहां रजनी देवी को 294 और जैना देवी को 293 मत मिले। महज एक वोट के अंतर ने रजनी देवी को सरपंच बना दिया। वहीं देवली में रामराय गुर्जर ने राधाकिशन को केवल 10 मतों से हराया, रामराय को 821 और राधाकिशन 811 मत मिले हैं। घांसड़ी में चंद्रप्रकाश ने त्रिलोक चंद को 14 मतों से हराया, चंद्रप्रकाश को 708 व त्रिलोक को 694 मत मिले। अरनियामाल में राजाराम गुर्जर 768 व अंकित कुमार मीणा को 730 मत मिले है, यहां जीत का अंतर 38 मत रहा है। लवादर में शमा बेगम ने मौसम देवी को 63 मतों से हराया। शमा को 708 मत मिले है।

पालड़ा में 1061 मतों से सबसे बड़ी जीत

पालड़ा ग्राम पंचायत में रामस्वरूप मीणा ने 1627 मत हासिल कर मौसमी (566) को 1061 मतों से हराया। भरनी में रूपनारायण ने प्रहलाद यादव को 870 मतों से हराया, रूपनारायण को 1505 मत मिले है। सांखना में शिवनंदन ने कालू को 730 मतों और छान में मनीषा गुर्जर ने रामधारा को 617 मतों से पराजित किया।

इन पंचायतों में भी रहे रोचक मुकाबले

मेहंदवास में रुकमणी सैनी 1426 व फोरांती यादव को 1117 मत मिले, यहां जीत का अंतर 309 मत रहे। लांबा में संगीता ने द्वारिका को 167 मतों से हराया, संगीता को 558 वोट मिले, जबकि द्वारिका को 391 मत मिले। दाखिया में रमेशचंद ने बुद्धिप्रकाश को 86 मतों से से हराया, रमेश चंद को 1450 व बुद्धिप्रकाश को 1364 मत मिले। टाखोली में बद्रीलाल ने रामसागर मीणा को 370 मतों से हराया। बद्रीलाल को 1225 व रामसागर को 855) मत मिले।

काबरा में सीता देवी ने लाड़ी देवी को 273 मतों से हराया, सीता देवी को 569 मत मिले। झालरा में शांति देवी ने द्वारिका देवी को 195 मतों से हराया, शांति देवी को 670 मत मिले। हरचंदेड़ा में संगीता ने हरबाई को 123 मतों से हराया, संगीता को 737 मत मिले। साडागांव में रामबाई ने बरमी को 387 मतों से पराजित किया।

रामबाई को 873 वोट मिले। देवपुरा में सुमन गुर्जर ने सोना गुर्जर को 28 मतों से (831-803), मंडावर में देवीलाल गुर्जर ने ढोल्या को 338 मतों से हराकर सरपंच की कुर्सी पर कब्जा किया। हथौना में राजेश बैरवा ने शोभाराम बैरवा से 184 मत अधिक हासिल कर जीत दर्ज की। पराणा में शक्ति सिंह ने रतनलाल को 190 मतों से हराया, शक्ति सिंह को 912 मत मिले तथा चिरोंज में विमला ने संतोष को 105 मतों से हराया, विमल को 936 मत मिले।

Updated on:
17 Nov 2026, 5:27 PM IST
Published on: