
Tonk UP Zila Pramukh : टोंक. जिला परिषद में जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया है। गुरुवार को हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आशाराम नागर ने भाजपा प्रत्याशी गणेशराम को 21 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। आशाराम नागर को 26 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी गणेशराम को महज 5 मतों से संतोष करना पड़ा। चुनाव परिणाम के साथ ही जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा कायम हो गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस की अलका बैरवा जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थी। उन्हें भी 26 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रियंका को 5 मत मिले थे।
उप जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर गुरुवार को जिला परिषद परिसर में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रही। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला परिषद के निर्वाचित सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर भाजपा के पांच सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। इसके ठीक एक मिनट बाद 3 बजकर 6 मिनट पर कांग्रेस के 23 सदस्य मतदान करने पहुंचे। वहीं कांग्रेस के शेष सदस्य दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे। इसके बाद मतदान प्रक्रिया पूरी होने पर मतगणना शुरू हुई।
मतगणना की प्रक्रिया दोपहर बाद शुरू हुई और 3 बजकर 45 मिनट पर पूरी हो गई। परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी आशाराम नागर को 26 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी गणेशराम को 5 मत प्राप्त हुए। इस तरह आशाराम नागर ने 21 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर टीना डाबी ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख आशाराम नागर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस के 25 सदस्य निर्वाचित हुए थे। वहीं भाजपा के पांच और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक सदस्य निर्वाचित हुआ था। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को 26-26 मत मिले। इससे दोनों चुनावों में कांग्रेस को अतिरिक्त समर्थन मिलने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
राजस्थान में प्रधान पद के लिए 27 नवंबर को सुबह 10 बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा और निर्वाचित प्रधान को शपथ दिलाई जाएगी।
जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में महिला शक्ति, युवा नेतृत्व और सियासी उलटफेर की दिलचस्प तस्वीर सामने आई। प्रदेश के 37 जिलों में 26 की कमान महिलाओं के हाथों में आई। जैसलमेर में महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं, वहीं दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में महिला प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई। कहीं बहुमत के बावजूद पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा तो कहीं एक वोट ने जीत-हार का फैसला कर दिया। डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में बराबरी के बाद लॉटरी से जिला प्रमुख चुने गए। निर्दलीयों की भूमिका और क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने भी कई जगह चुनावी गणित को रोचक बनाया। इन नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में नए चेहरों और बदलते सियासी समीकरणों की झलक दिखाई। प्रदेश में 37 जिलों में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने 2 और 1 जिले में आरएलपी ने प्रमुख पद पर कब्जा किया।