
Tonk Zila Pramukh : टोंक. जिला परिषद चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद की 31 सीटों में से कांग्रेस ने 25 पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा को 5 और रालोपा को एक सीट मिली है। बहुमत के आंकड़े के साथ जिला प्रमुख का पद कांग्रेस के खाते में जाना तय है। अब पार्टी में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिले की प्रथम नागरिक की कुर्सी किसके सिर सजेगी। जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस में दो प्रमुख नामों की चर्चा है।
इनमें निवाई विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा और निवाई पंचायत समिति की पूर्व प्रधान तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की पुत्री अलका बैरवा शामिल है। दोनों नामों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है। हालांकि पार्टी के अन्य नेताओं और संभावित दावेदारों के नामों पर भी आलाकमान विचार कर सकता है।
जिला प्रमुख पद के लिए आरक्षण की स्थिति भी इस चुनाव में अहम है। यह पद अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में कांग्रेस को इसी आरक्षण के दायरे में आने वाले निर्वाचित सदस्यों में से जिला प्रमुख का चयन करना होगा। अब सभी की निगाहें कांग्रेस आलाकमान पर टिकी है। पार्टी किस नाम पर सहमति बनाती है, इसका फैसला आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
जिला परिषद के साथ पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। टोंक पंचायत समिति में कांग्रेस ने 17 में से 10, निवाई में 29 में से 19, पचेवर में 15 में से 10, उनियारा में 23 में से 14, देवली में 25 में से 15, पीपलू में 17 में से 9 और टोडारायसिंह में 19 में से 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। इन सातों पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनने की स्थिति मजबूत हो गई है।
31 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के पांच और रालोपा का एक सदस्य ही जीतकर पहुंचा है। ऐसे में जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा रहने के आसार हैं। भाजपा के सामने न केवल सत्ता से दूर रहने, बल्कि मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने की चुनौती भी रहेगी। वहीं भाजपा को टोंक में चार, निवाई में आठ, पचेवर में तीन, उनियारा में छह, देवली में छह, पीपलू में सात और टोडारायसिंह में पांच सीटें मिलीं। किसी भी पंचायत समिति में भाजपा बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर सकी।