Tonk News: गुड़गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक टोंक जिले के रहने वाले थे।
टोंक/नटवाड़ा। गुड़गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक टोंक जिले के रहने वाले थे। पिकअप चालक और उसके साथ मौजूद किसान आजादपुर मंडी में सब्जी बेचकर वापस लौट रहे थे। तभी भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नटवाड़ा निवासी सोराज (45) पुत्र रामजी लाल पिछले 15 दिनों से लगातार देई-नैनवा क्षेत्र के बांध से टिंडे की सब्जी लेकर दिल्ली की आजादपुर मंडी जा रहा था। शुक्रवार शाम वह पिकअप में टिंडे भरकर रवाना हुआ। उसके साथ छावनी टॉक निवासी किसान हेमराज (40) पुत्र फूलचंद कीर भी मौजूद था।
दोनों देर रात मंडी में खेप उतारने के बाद टोंक लौट रहे थे। इसी दौरान गुड़गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक शिनाख्त में दिक्कत आने पर मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सोराज अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था और उसके दो पुत्र पढ़ाई कर रहे हैं। हेमराज के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है।