टोंक

UPSC 2025: टोंक की साक्षी जैन ने हासिल की ऑल इंडिया 37वीं रैंक, बताया सफलता का मंत्र

Sakshi Jain UPSC : संघ लोक सेवा आयोग की ओर से शुक्रवार को सिविल सर्विस परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी किया गया। इसमें टोंक निवासी सीए साक्षी जैन ने ऑल इंडिया में 37वीं रैंक प्राप्त कर जिले के साथ अपने परिवार और समाज का नाम गौरवान्वित किया है।

less than 1 minute read
Mar 06, 2026
Feature image
टोंक की साक्षी जैन ने हासिल की ऑल इंडिया 37वीं रैंक: फोटो पत्रिका नेटवर्क

टोंक। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से शुक्रवार को सिविल सर्विस परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी किया गया। इसमें टोंक निवासी सीए साक्षी जैन ने ऑल इंडिया में 37वीं रैंक प्राप्त कर जिले के साथ अपने परिवार और समाज का नाम गौरवान्वित किया है। परिणाम घोषित होते ही साक्षी के ननिहाल देवली में भी खुशी की लहर दौड़ गई और परिवारजनों में उत्साह का माहौल बन गया।

साक्षी जैन ने वर्ष 2018 में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया था। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। तीन बार साक्षात्कार तक पहुंचने के बाद चौथे प्रयास में उन्होंने 37वीं रैंक हासिल कर अपने सपने को साकार किया। साक्षी के पिता चेतन कुमार जैन टोंक स्थित डाइट में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता अंजना जैन गृहिणी हैं।

'स्वयं पर विश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी'

परिवार में पहले से ही प्रशासनिक सेवा से जुड़ी प्रेरणा भी उन्हें मिलती रही। परिवार के सदस्य अमित जैन आईपीएस अधिकारी हैं, जिनसे भी साक्षी को प्रेरणा मिली। सफलता के बाद साक्षी ने बताया कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए स्वयं पर विश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंजिल पाने के रास्ते में कठिनाइयां जरूर आती हैं, लेकिन दृढ़ विश्वास और निरंतर प्रयास से उन्हें पार किया जा सकता है।

Published on:
06 Mar 2026 06:06 pm