Actress Neha Pendse: एक्ट्रेस नेहा पेंडसे ने खुद के साथ हुए खौफनाक हादसे को याद करते हुए खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे एक गाड़ी में आए शख्स ने उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी। जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप सकती है।
Actress Neha Pendse On Horror Incident: देश में आए दिन जब भी फोन या टीवीखोलते हैं तो कोई न कोई दिल दहला देने वाली खबरें सामने आ ही जाती है। कभी रेप तो कभी मर्डर या फिर छेड़छाड़ की खबर शायद कम ही लोग होंगे जो यह नहीं सुनते। आम जनता के साथ ही स्टार्स भी कभी-कभी इन हादसों के शिकार हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ था एक्ट्रेस नेहा पेंडसे के साथ। उन्होंने अपनी जिंदगी के एक ऐसे काले सच से पर्दा उठाया है, जिसने उन्हें पूरा अंदर तक झकझोर कर रख दिया था।
41 साल की एक्ट्रेस नेहा पेंडसे ने खुलासा किया कि मुंबई जैसे सुरक्षित माने जाने वाले शहर में एक सुबह उनके साथ कुछ ऐसा घटित हुआ, जिसे सुनकर किसी भी लड़की की रूह कांप सकती है। यह घटना महज कुछ सेकंड्स की थी, लेकिन इसका असर ताउम्र के लिए उनके जहन पर रह गया।
हॉटरफ्लाई संग बातचीत में नेहा ने उसी चौंकाने वाली घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई थी जब वह सुबह-सुबह जॉगिंग के लिए निकली थीं। उन्होंने बताया, "मैं अपनी धुन में दौड़ रही थी कि तभी एक कार मेरे पास आकर रुकी। ड्राइवर ने शीशा नीचे किया और मुझसे किसी रास्ते के बारे में पूछने लगा।" नेहा ने बताया कि सड़क पर शोर होने की वजह से उन्हें बात ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी, इसलिए वह मदद करने के इरादे से कार के थोड़ा करीब चली गईं।
एक्ट्रेस ने आगे कहा, "जैसे ही मैं उसकी बात सुनने के लिए झुकी, उस शख्स ने अचानक मेरा हाथ कसकर पकड़ लिया। मैं सन्न रह गई। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती या शोर मचाती, वह हाथ छोड़कर तेजी से गाड़ी भगा ले गया।"
नेहा ने बताया कि उस समय उनके हाथ में उनकी क्रूज गाड़ी की भारी रिमोट वाली चाबी थी। डर और गुस्से में उन्होंने अपनी पूरी ताकत लगाकर वह चाबी उस शख्स की कार पर फेंक कर मारी, जो सीधे गाड़ी के पिछले शीशे पर जा लगी। नेहा ने बताया, "चाबी लगते ही उसने जोर से ब्रेक मारा और एक सेकंड के लिए रुक गया। वह मंजर मेरी जिंदगी का सबसे डरावना पल था। मुझे लगा कि अगर उसने गाड़ी रिवर्स ली और मुझ पर हमला किया तो मैं क्या करूंगी? वह शायद यह देखने के लिए रुका था कि गाड़ी का शीशा टूटा या नहीं, और फिर वहां से भाग निकला।"
नेहा पेंडसे ने महज 10 साल की उम्र में एकता कपूर के शो 'कैप्टन हाउस' से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'हसरतें', 'पड़ोसन' और फिर 'मे आई कम इन मैडम' जैसे सुपरहिट शोज से घर-घर में पहचान बनाई। नेहा सिर्फ टीवी ही नहीं बल्कि मराठी और तमिल फिल्मों का भी बड़ा नाम हैं। साल 2024 में उन्होंने अपने पति शार्दुल सिंह ब्यास के साथ मिलकर मराठी फिल्म 'तिघी' भी प्रोड्यूस की है।
एक्ट्रेस की यह आपबीती बताती है कि दिन के उजाले में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। नेहा ने यह किस्सा इसलिए साझा किया ताकि अन्य महिलाएं भी सतर्क रहें और ऐसे किसी भी अनजान मददगार से दूरी बनाकर रखें।