
Aditi Malik body shaming reply: सोशल मीडिया के इस दौर में जहां हर पोस्ट पर तुरंत कमेंट्स आने लगते हैं, वहीं कई बार ये टिप्पणियां इंसान को अंदर तक झकझोर देती हैं। खासकर जब बात किसी की बॉडी या लुक्स की हो, तो बिना सोचे-समझे किए गए कमेंट्स गहरा असर छोड़ सकते हैं। एक्ट्रेस और टेलीविजन पर्सनैलिटी अदिति मलिक के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो पर मिले भद्दे और अनचाहे कमेंट्स के बाद अदिति का गुस्सा फूट पड़ा। अपने पेट के दिखने और बैठने के तरीके को लेकर प्रेग्नेंसी की अटकलें लगाने वाले लोगों को एक्ट्रेस ने करारा जवाब दिया है।
अदिति ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए उस पूरे वाकये का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक नॉर्मल वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उनके बैठने के अंदाज की वजह से उनका पेट थोड़ा दिख रहा था। इसके बाद कमेंट सेक्शन में लोगों ने बिना सोचे-समझे यह मान लिया कि वह प्रेग्नेंट हैं। लोग उनके बढ़े हुए वजन और सूजे हुए चेहरे को लेकर अजीबोगरीब सवाल करने लगे। कमेंट्स पर दुख जताते हुए अदिति ने कहा, "लोगों को लगता है कि वजन बढ़ने या पेट दिखने पर कमेंट करना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन सुनने वाले पर इसका बहुत बुरा असर पड़ता है। चाहे सोशल मीडिया हो या सामने, किसी के लुक्स पर टिप्पणी करने से पहले सभी को थोड़ा सोच-समझकर बोलना चाहिए।"
अदिति ने साफ किया कि वह इन नेगेटिव बातों से परेशान नहीं होतीं क्योंकि वह खुद से और अपनी बॉडी से बहुत प्यार करती हैं। उन्होंने आगे कहा, "मैं इन सब बातों से ज्यादा फर्क नहीं पड़ने देती। मुझे अपने शरीर से प्यार है और मैं इसकी इज्जत करती हूं, क्योंकि यह एक मां का शरीर है। मेरे लिए शॉर्टकट अपनाकर पतला होने से ज्यादा जरूरी स्वस्थ रहना है और एक मां होने के नाते घर-परिवार की जिम्मेदारियों और खाने की आदतों के बीच हेल्थ को मैनेज करना हमेशा आसान नहीं होता।"
वीडियो के साथ, अदिति ने एक मैसेज भी शेयर किया जिसमें लोगों से दूसरों के बारे में कोई अंदाजा लगाने से पहले रुकने को कहा गया। उन्होंने लिखा, "सोशल मीडिया पर आप जो कुछ भी देखते हैं, उस पर कमेंट, सवाल या अंदाजा लगाने की जरूरत नहीं होती। कुछ भी "सेंड" करने से पहले, शायद रुककर सोचें, क्या अगर वह मेरे सामने होंगे तो क्या मैं यह कहूंगी? कमेंट करने से पहले थोड़ा और सोचना, थोड़ा कम अंदाजा लगाना और थोड़ी और दया दिखाना कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा।"
बता दें, अदिति जिनकी शादी एक्टर मोहित मालिक से हुई है, 2021 में अपने बेटे एकबीर के जन्म के साथ मदरहुड को अपनाया है। प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो, अपने टेलीविजन काम के लिए जानी जाने वाली अदिति, शरारत, बनूं मैं तेरी दुल्हन, मेरी आवाज को मिल गई रोशनी, प्यार को हो जाने दो और कुमकुम भाग्य जैसे शोज से जुड़ी रही हैं, इसके अलावा वह दूसरे टेलीविजन प्रोजेक्ट्स में भी दिखी हैं।