
नई दिल्ली: टेलीविजन का पॉपुलर सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में हाउस मेड का रोल करने वालीं एक्ट्रेस दिव्या भटनागर की हालत इन दिनों नाजुक बनी हुई है। उनका कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। जिसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनकी देखभाल के लिए उनकी मां दिल्ली से आई हैं। इसके साथ ही दिव्या की मां ने उनके पति गगन पर आरोप लगाया था कि मुश्किल वक्त में वह दिव्या को छोड़कर चले गए। ऐसे में अब खुद गगन ने एक वीडियो के जरिए इन सभी आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि काम के सिलसिले में वह बाहर गए हुए थे।
सारी बेकार की बाते हैं
गगन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह कहते हैं- मैं दिव्या का पति हूं गगन। मेरे बारे में बहुत सारी खबरें चल रही हैं कि मैं फ्रॉड हूं, मैं भाग गया हूं। मैं सिर्फ एक ही जवाब दूंगा कि ये सारी बेकार की बाते हैं। गगन ने आगे कहा, मैं प्रोडक्शन से हूं। इसलिए मैं काम से बाहर था। हम लोगों को काम की वजह से ट्रैवल करना पड़ता है। मैं और मेरा परिवार नियमित रूप से दिव्या के टच में है। उसकी जब तबियत खराब हुई थी, उस वक्त मैं अपने काम से बाहर था। उसकी फ्रेंड ने दिव्या को अस्पताल में एडमिट कराया। मुझसे बात नहीं हो पाई, क्योंकि मैं नेटवर्क एरिया से बाहर था। लेकिन वह मेरी मदर के टच में थी।
दिव्या की मां हमारी शादी के खिलाफ थीं
इसके बाद गगन ने कहा कि इस वक्त सबसे जरूरी दिव्या की सेहत और जीवन है। दिव्या क्या सोचती है क्या बोलती है वो मैटर करता है। उसकी मम्मी क्या बोलती है वो मैटर नहीं करता है। मैं कहीं भागा नहीं हूं। इसके बाद गगन ने ही दिव्या की मां पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले छह साल से दिव्या की मां कही थीं। वह क्या कर रही हैं कहां रह रही हैं? कैसे रह रही है? कुछ पता था उन्हें? लेकिन अब अचानक वह मुझपर आरोप लगा रही हैं। वह शुरुआत से ही मेरी और दिव्या की शादी के खिलाफ थीं। हम पांच साल लिव-इन में थे। उसके बाद हमने शादी की। हम दोनों हैप्पी कपल हैं। इसके बाद गगन ने आरोप लगाया कि दिव्या की मां और उनके भाई ने उनके घर पर कब्जा कर लिया है। वह उनके घर पर जाकर बैठ गए हैं। दिव्या से उनकी बात नहीं कराई जा रही है। उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।
हम हैप्पी कपल हैं
हालांकि उसके बाद गगन ने सबूत के साथ दिखाया कि उनकी दिव्या से बात हो रही है। वह उनके टच में हैं। किसी ने उनकी बात कराई है। इसके बाद गगन कहते हैं कि इस वक्त दिव्या की सेहत सबसे जरूरी है। हम छह सालों से साथ हैं। एक-दूसरे का सहारा बने हुए हैं। इसलिए ऐसी खबरें न फैलाएं कि मैं भाग गया हूं। इसके साथ ही गगन लोगों से कहते हैं कि दिव्या के लिए प्राथर्ना करें कि वह जल्द ठीक हो जाएं। बता दें कि हाल ही में दिव्या की मां ने कहा था कि दिव्या की हालत नाजुक बना है और इस मुश्किल की घड़ी में उसके पति ने उसका साथ छोड़ दिया है। वह फ्रॉड है।
बता दें कि दिव्या भटनागर टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है', 'उड़ान', 'जीत गई तो पिया मोरे', 'विष' जैसे कई सीरियल्स में काम किया है। हाल ही में वह शशि सुमीत प्रोडक्शंस के बैनर तले चल रहे धारावाहिक 'तेरा यार हूं मैं' में नजर आ रही हैं। इस मुश्किल घड़ी में उनके सीरियल के प्रोडक्शन हाउस ने दिव्या की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है।