
मुकेश छाबड़ा और रोहित रॉय (फोटो सोर्स- IMDb)
Rohit Roy TV Controversy: फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कास्टिंग डायरेक्टर और ‘धुरंधर’ से जुड़े मुकेश छाबड़ा ने टीवी इंडस्ट्री और वहां काम करने वाले कलाकारों की जमकर तारीफ की है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अभिनेता रोहित रॉय की टेलीविजन को लेकर की गई टिप्पणी पर बहस छिड़ी हुई है। रोहित रॉय ने हाल ही में टीवी को ‘डस्टबिन मीडियम’ बताया था और फिल्म कलाकारों के मुकाबले टीवी एक्टर्स के स्टाइल और क्लास को लेकर भी अपनी राय रखी थी। उनके इस बयान के बाद इंडस्ट्री के कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी है।
मुकेश छाबड़ा ने रविवार, 13 सितंबर को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर टीवी कलाकारों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिन कलाकारों के साथ उन्होंने काम किया है, उनमें बड़ी संख्या टेलीविजन से आई है। उनके मुताबिक टीवी कलाकार बेहद मेहनती, अनुशासित और प्रोफेशनल होते हैं।
कास्टिंग डायरेक्टर ने टीवी एक्टर्स की सबसे बड़ी खूबियों में उनकी याददाश्त और लगातार काम करने की क्षमता को बताया। उन्होंने कहा कि टेलीविजन कलाकार रोजाना काम करते हैं और लंबे तथा व्यस्त शेड्यूल को संभालने में सक्षम होते हैं। इसके साथ ही बदलती परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालना भी उन्हें अच्छी तरह आता है।
मुकेश छाबड़ा ने टीवी कलाकारों की मेहनत और काम के प्रति प्रतिबद्धता की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कलाकार जिस अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने काम को करते हैं, वह उन्हें बेहद पसंद है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सभी कलाकार पसंद हैं, लेकिन टीवी एक्टर्स के लिए उनके मन में थोड़ा ज्यादा लगाव है।
हालांकि मुकेश छाबड़ा ने अपने पोस्ट में रोहित रॉय का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनका बयान ऐसे वक्त आया है जब रोहित की टीवी को लेकर टिप्पणी चर्चा में है। ऐसे में सोशल मीडिया पर इसे मौजूदा विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है।
दरअसल, रोहित रॉय ने 'किंडल कास्ट' के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान टेलीविजन इंडस्ट्री को लेकर अपनी राय साझा की थी। उन्होंने कहा था कि टीवी को उन्होंने अपने करियर का बड़ा हिस्सा दिया है, लेकिन इसे ‘डस्टबिन मीडियम’ भी बताया। उनके मुताबिक फिल्म कलाकारों में एक खास तरह का स्टाइल और क्लास देखने को मिलता है, जो टेलीविजन कलाकारों में हमेशा नजर नहीं आता।
रोहित ने बातचीत के दौरान कलाकारों की सार्वजनिक छवि को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोगों के सामने कलाकारों को एक खास तरह की गरिमा और शालीनता बनाए रखनी चाहिए। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया और कई लोगों ने उनके विचारों पर सवाल उठाए।
इस विवाद के बीच अभिनेता नमन शॉ समेत कुछ अन्य लोगों ने भी रोहित रॉय की टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर की। वहीं अब मुकेश छाबड़ा ने टीवी कलाकारों की मेहनत, अनुशासन और प्रोफेशनल रवैये को सामने रखते हुए उनकी तारीफ की है। फिलहाल रोहित रॉय की ओर से इस आलोचना पर कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Updated on:
13 Sept 2026 03:50 pm
Published on:
13 Sept 2026 03:50 pm
