TV न्यूज

गंदगी के लेवल पर पहुंच गई ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की लवस्टोरी, टाइमलाइन के साथ जानें कब क्या-क्या हुआ

Avinash Mishra-Eisha Singh Breakup: अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में ईशा सिंह के मुंहबोले भाई रजत दलाल ने अविनाश को धमकी देते हुए कहा है कि वो ऐसी हरकतें करना बंद कर दें वरना एक-एक लड़की का नाम बताया जाएगा। चलिए जानते हैं आखिर ये पूरा विवाद शूरू कर हुआ और ये मामला है क्या।
4 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:19 PM IST
Avinash Mishra-Eisha Singh Breakup
अविनाश मिश्रा-ईशा सिंह (फोटो सोर्स- IMDb)

Avinash Mishra-Eisha Singh Breakup: टीवी एक्ट्रेस ईशा सिंह और अभिनेता अविनाश मिश्रा की लव स्टोरी अब विवादों में घिर गई है। कभी टीवी की पसंदीदा जोड़ियों में शामिल रहे दोनों के रिश्ते में ऐसी दरार आई है कि अब सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को लेकर बयानबाजी हो रही है। मामला सिर्फ ब्रेकअप की खबरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें धोखा देने के आरोप, निजी चैट और ऑडियो लीक होने के दावे, क्लब में बजा 'बेवफा निकली है तू' गाना और रजत दलाल की एंट्री ने विवाद को और बढ़ा दिया है।

ईशा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर भरोसा टूटने और पीठ में छुरा घोंपने जैसी बात कही है। वहीं रजत दलाल ने अविनाश को ईशा से दूर रहने की चेतावनी दी है। आइए जानते हैं कि आखिर इस पूरे विवाद की शुरुआत कैसे हुई और अब तक क्या-क्या हुआ।

बिग बॉस 18 में शुरू हुई थी ईशा-अविनाश की नजदीकियां

ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की मुलाकात रियलिटी शो 'बिग बॉस 18' के दौरान हुई थी। शो में दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई। घर से बाहर आने के बाद भी दोनों कई मौकों पर साथ दिखाई दिए। इसके बाद उनकी डेटिंग की खबरें आने लगीं। हालांकि, दोनों ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा।

खतरों के खिलाड़ी 15 के बाद रिश्ते को लेकर चर्चा तेज

अविनाश मिश्रा के 'खतरों के खिलाड़ी 15' जीतने के बाद एक पार्टी में ईशा के साथ उनकी नजदीकियां फिर चर्चा में आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया। इसके बाद फैंस इस जोड़ी को पसंद करने लगे।

ईशा के महाकाल दर्शन की चर्चा क्यों हुई?

रिश्ते में अनबन की खबरों के बीच ईशा सिंह के महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचने की चर्चा भी सोशल मीडिया पर हुई। इसे उनकी निजी जिंदगी में चल रही उथल-पुथल से जोड़कर देखा गया। हालांकि, मंदिर जाने और ब्रेकअप के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर अनफॉलो और तस्वीरें हटाने से शुरू हुईं ब्रेकअप की अटकलें

कुछ समय बाद फैंस ने नोटिस किया कि ईशा और अविनाश ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। दोनों की साथ वाली तस्वीरें भी प्रोफाइल पर दिखाई नहीं दे रही थीं। यहीं से उनके ब्रेकअप की खबरों ने जोर पकड़ लिया।

ईशा की मां का कथित ऑडियो हुआ वायरल

विवाद के बीच ईशा की मां का बताया जा रहा एक वॉयस नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें कथित तौर पर अविनाश पर ईशा को धोखा देने की बात कही गई थी। ऑडियो में रिश्ते और परिवार से जुड़ी कुछ बातें भी सुनाई देने का दावा किया गया। हालांकि, इस ऑडियो की प्रामाणिकता और इसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अविनाश ने प्राइवेसी का हवाला देकर दिया बयान

19 नवंबर को अविनाश मिश्रा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया। उन्होंने लोगों और मीडिया पेजों से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की। अविनाश ने लिखा कि रिश्ते निजी होते हैं, सार्वजनिक मनोरंजन का जरिया नहीं। उन्होंने कहा कि हर चीज का मकसद व्यूज और एंगेजमेंट हासिल करना नहीं होता। उनके इस बयान को ब्रेकअप की खबरों से जोड़कर देखा गया।

ईशा ने कहा- मेरी पीठ में छुरा घोंपा गया

22 नवंबर को ईशा ने अविनाश के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने लिखा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए। ईशा ने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति रिश्तों को निजी रखने की बात करता है तो फिर खुद उनका मजाक क्यों बना रहा है? उन्होंने चेतावनी दी कि उन्हें मजबूर न किया जाए, वरना वह नाम और सबूतों के साथ पूरी सच्चाई सामने रख देंगी। ईशा ने यह भी कहा कि उन्होंने किसी पर भरोसा करने की गलती की, जिसने उनकी पीठ में छुरा घोंप दिया।

क्लब में 'बेवफा निकली है तू' गाने पर अविनाश का वीडियो वायरल

22 नवंबर को अविनाश का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक क्लब में डीजे के पास नजर आ रहे हैं। वहां 'बेवफा निकली है तू' गाना बजने पर वह हंसते दिखाई दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब निजी जिंदगी में सबकुछ गड़बड़ हो तो ऐसा ही गाना बजना चाहिए। इस वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स ने ईशा पर तंज के तौर पर देखा। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

रजत दलाल ने दी अविनाश को खुली चेतावनी

23 नवंबर को 'बिग बॉस 18' में नजर आए रजत दलाल भी इस विवाद में कूद पड़े। उन्होंने ईशा को अपनी छोटी बहन बताते हुए अविनाश को उनसे दूर रहने की चेतावनी दी। रजत ने दावा किया कि वह अविनाश को चार बार प्यार से समझा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर अविनाश ने ऐसी हरकतें जारी रखीं तो वह एक-एक लड़की का नाम लेकर उसकी पोल खोल देंगे। रजत ने मीडिया पेजों से भी बिना सच्चाई जाने खबरें पोस्ट नहीं करने की अपील की।

प्राइवेट चैट लीक होने के दावों ने बढ़ाई चर्चा

इस पूरे विवाद के बीच ईशा के भाई के साथ कथित निजी चैट लीक होने की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, इन चैट की पूरी प्रामाणिकता और संदर्भ स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रहे दावों को फिलहाल पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जा सकता।

फिलहाल ईशा और अविनाश के रिश्ते में आई दरार सार्वजनिक विवाद का रूप ले चुकी है। ईशा ने सबूत सामने लाने की चेतावनी दी है, जबकि अविनाश ने अब तक अपने शुरुआती प्राइवेसी वाले बयान के अलावा आरोपों पर विस्तार से जवाब नहीं दिया है। अब देखना होगा कि क्या दोनों में से कोई इस पूरे मामले पर खुलकर बात करता है या फिर यह विवाद सोशल मीडिया तक ही सीमित रहता है।

Updated on:
23 Nov 2026, 12:19 PM IST
Published on: