Elvish Yadav Engaged To Jiya Shankar: यूट्यूबर एल्विश यादव ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की जिसके बाद हर तरफ हंगामा मच गया है।
Elvish Yadav Engaged To Jiya Shankar: यूट्यूबर और सोशल मीडिया पर हर समय चर्चाओं में रहने वाले एल्विश यादव की एक तस्वीर से चारों तरफ हंगामा मच गया है। एल्विश ने एक फोटो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की है, जिसके बाद उनकी सगाई की अटकलें शुरू हो गईं। क्या है पूरा मामला, चलिए आपको बताते हैं।
इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर जारी करते हुए एल्विश ने लिखा- आखिरकार मुझे मेरा प्यार मिल गया। इस तस्वीर में एल्विश ने एक लड़की का हाथ पकड़ा हुआ है जिसके हाथ में अंगूठी नजर आ रही है। इसी के साथ ही जिया शंकर को उन्होंने इस तस्वीर में टैग किया है। इस तस्वीर के सोशल मीडिया पर आते ही ये तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें एल्विश यादव का नाम पहले भी कई बार अलग-अलग सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और फीमेल सेलेब्रिटीज के साथ जोड़ा जाता रहा है। हाल के दिनों में कॉमेडी रियलिटी शो लाफ्टर शेफ के दौरान जन्नत जुबैर के साथ उनकी केमिस्ट्री ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। बिग बॉस ओटीटी में जीत के बाद एल्विश की लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया और इसके साथ ही उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं भी तेज होती चली गईं। हालांकि, एल्विश हमेशा अपने रिश्तों को लेकर खुलकर कुछ कहने से बचते नजर आए हैं और ज्यादातर मौकों पर ऐसी अटकलों को महज दोस्ती तक ही सीमित बताया है।
दूसरी ओर अभिनेत्री जिया शंकर का नाम भी इससे पहले टीवी और रियलिटी शोज के दौरान अपने सह-कलाकारों के साथ जोड़ा जाता रहा है। कुछ समय पहले उनका नाम यूट्यूबर अभिषेक मल्हान के साथ जुड़ा था, लेकिन जिया ने खुद इन खबरों को सिरे से नकार दिया था। इसके बाद उन्होंने एक अनजान शख्स के साथ तस्वीर साझा करते हुए इशारा किया था कि उनकी जिंदगी में कोई खास है। जिया ने हमेशा यही कहा है कि वह अपने निजी रिश्तों को सार्वजनिक करने के बजाय उन्हें निजी रखना ज्यादा पसंद करती हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या एल्विश यादव और जिया शंकर ने सच में सगाई कर ली है या फिर ये सब किसी आने वाले प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मौजूदा दौर में कई सेलेब्रिटीज़ म्यूजिक वीडियो, वेब सीरीज या किसी खास प्रोजेक्ट के प्रमोशन के लिए इस तरह की रहस्यमयी पोस्ट शेयर करते हैं। ऐसे में यह भी संभव है कि ये तस्वीर किसी नए काम से जुड़ी हो और सगाई की खबरें फिलहाल केवल चर्चाओं तक ही सीमित रह जाएं।