
Jasmin Bhasin Reaction On Aly Goni marriage: टीवी इंडस्ट्री के पावर कपल कहे जाने वाले स्टार्स जैस्मिन भसीन (Jasmin Bhasin) और अली गोनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कपल की शादी को लेकर फैंस लंबे अरसे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हमेशा उन्हें निराशा ही हाथ लगी हैं। अब एक बार फिर जैस्मिन ने अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड अली गोनी (Aly Goni) के साथ अपने रिश्ते को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि हर जगह शादी को लेकर लगातार पूछे जाने वाले सवालों से अब वह काफी परेशान और तंग आ चुकी हैं। अभिनेत्री का गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में दखल देने वालों और ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है।
जैस्मीन भसीन हो या अली गोनी दोनों से अक्सर एक ही सवाल किया जाता है कि दोनों कब शादी कर रहे हैं? अब एक्ट्रेस इस सवाल से परेशान हो गई हैं। उन्होंने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि शादी उनका व्यक्तिगत फैसला है और किसी तीसरे व्यक्ति को इसकी चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। एक इंटरव्यू में अपनी भड़ास निकालते हुए जैस्मिन ने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि लोगों को इतनी पंचायत क्यों है! ना आपने केटरिंग का बिल भरना है, ना आपने शादी का डेकोरेशन करना है। आपका इससे क्या मतलब? जब हमें शादी करनी होगी, हम कर लेंगे। आप अपने काम से काम रखो।"
जैस्मिन ने बार-बार एक ही सवाल पूछे जाने पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि कभी-कभी लोगों की सोच 'सैडिस्ट' यानी दूसरों को परेशान देखकर खुश होने वाली हो जाती है। उन्हें लगता है कि यह सवाल हमें असहज करता है, इसलिए वह इसे बार-बार दोहराते हैं। जैस्मिन ने आगे मजाकिया लेकिन तीखे लहजे में कहा कि शायद कुछ लोग अपनी खुद की शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं हैं, इसीलिए वह दूसरों को शादी करने के लिए उकसाते रहते हैं और उन पर जोर देते रहते हैं।
बता दें, जैस्मिन भसीन और अली गोनी की पहली मुलाकात साल 2018 में रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 9' के दौरान हुई थी, जहां दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई। इसके बाद साल 2020 में रियलिटी शो 'बिग बॉस 14' में दोनों ने एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का खुलकर इजहार किया था। 2025 में इस कपल ने अपने रिश्ते को एक कदम आगे बढ़ाते हुए साथ में लिव-इन में रहना शुरू किया और अपना खुद का आधिकारिक यूट्यूब चैनल 'JasLY' भी लॉन्च किया, जिसे फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है।