
Rupali Ganguly On CJP Protest: देश भर में कथित NEET पेपर लीक को लेकर घमासान मचा हुआ है। बड़े-बड़े सितारें इस आंदोलन को खुलकर सपोर्ट कर रहे हैं। शबाना आजमी से लेकर सलमान खान ने इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताया है। अब इसी बीच BJP में शामिल हुई टेलीविजन की सबसे चर्चित धारावाहिक 'अनुपमा' की मुख्य अभिनेत्री रूपाली गांगुली (Rupali Ganguly) ने भी इसे गुस्सा निकाला है। उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली में कथित NEET पेपर लीक को लेकर हुए छात्र आंदोलन पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट भी शेयर किया है और उन्होंने प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों की निंदा की है और अपना गुस्सा निकाला है। वहीं, वेब सीरीज पंचायत के प्रधान जी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह काफी भावुक नजर आ रहे हैं। उन्होंने बच्चों के प्रति सहानुभूति दिखाई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपने विचार रूपाली गांगुली ने शेयर किए हैं। उन्होंने लिखा, "जो लोग कानून को अपने हाथ में लेते हैं, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं और पुलिस पर हमला करते हैं, उन्हें छात्र नहीं कहा जा सकता। ऐसी हरकतें किसी जायज मकसद को कमजोर ही करती हैं। पेपर लीक के मामले में न्याय की मांग जायज है। छात्र एक निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, जवाबदेही और मजबूत सुरक्षा उपायों के हकदार हैं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।"
रुपाली गांगुली ने आगे लिखा, "हाल के पेपर लीक मामलों में, सरकारों और जांच एजेंसियों ने जांच शुरू की है, संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। साथ ही, परीक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने और भविष्य में लीक को रोकने के प्रयास भी घोषित किए गए हैं। दुर्भाग्य से, जब शांतिपूर्ण विरोध की जगह हिंसा ले लेती है, तो छात्रों की असली चिंताएं दबने का खतरा पैदा हो जाता है। अगर देश-विरोधी या राजनीतिक मकसद वाले लोग अपने एजेंडे के लिए छात्र आंदोलनों का फायदा उठाते हैं, तो इससे न्याय चाहने वाले छात्रों का ही नुकसान होता है।"
रुपाली गांगुली ने छात्रों के सपोर्ट में कहा, "भारत अपने छात्रों के साथ खड़ा है। भारत अपने लोगों के साथ खड़ा है। लड़ाई पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर सुधारों के लिए होनी चाहिए- न कि हिंसा या तबाही के लिए। हर छात्र और हर नागरिक शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करें, एकजुट रहें और किसी को भी अपने आंदोलन को हाईजैक करने या राजनीतिक या वैचारिक एजेंडे के लिए अपनी भावनाओं का फायदा उठाने न दें। आपका भविष्य इतना महत्वपूर्ण है कि आप किसी और का मोहरा नहीं बन सकते। शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक कार्रवाई ही स्थायी बदलाव लाने का सबसे मजबूत तरीका है।"
वहीं, पंचायत में प्रधान जी बने रघुबीर यादव ने भावुक वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने कहा, "मैं बहुत आहत हूं। यकीन नहीं हो रहा है कि जिस तरह जिस तरह इन मासूम बच्चों को बेरहमी से बेदर्दी से मारा पीटा गया है। क्या कहूं इन नकाबपशों ने खाकी बर्दी पहने हुए किसी की शय पाकर अगर बच्चों को मारा है और जो दरिंदगी दिखाई है पूरी कायनात पूरी सृष्टि इन्हें माफ नहीं करेगी। अब क्या है? पीट लिया, मार लिया। बच्चों का कसूर क्या था? अब जाइए इस महीने की तनख्वाह लेके अपने बच्चों को रोटी खिलाकर और चैन की नींद सो जाइए। ये सृष्टि तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी। इन बच्चों के लिए जो अपना हौसला जो हिम्मत ले चल रहे हैं उनके लिए मेरा जिस्म का कतरा कतरा उनके साथ है। मैं सलूट करता हूं बच्चों को। बच्चों मैं तुम्हारे साथ हूं और जो तुमने हौसला दिखाया बस जरूर कामयाब होंगे।"
बता दें, 20 जुलाई को दिल्ली में हुए इस विशाल छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। यह आंदोलन अभी भी जारी है। लगातार पुलिस और बच्चों के बीच हंगामे के वीडियो सामने आ रहे हैं। बॉलीवुड सितारों से लेकर टीवी इंडस्ट्री के लोग NEET पेपर लीक को सपोर्ट करने जंतर-मंतर भी पहुंच रहे हैं।