
Rupali Ganguly Tweet: दिल्ली के जंतर-मंतर का NEET पेपर लीक आंदोलन बेहद सुर्खियों में रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कुछ नाराज युवाओं ने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। प्रदर्शन में शामिल कुछ बच्चों ने न सिर्फ पीएम मोदी, बल्कि उनकी स्वर्गीय मां के बारे में भी भद्दी-भद्दी गालियां दी थीं। लेकिन इस पूरे मामले में पीएम मोदी का रवैया बेहद संयमित रहा और उन्होंने सभी बच्चों को माफ कर दिया। अब इसी के बाद एक्ट्रेस रुपाली गांगुली ने पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह डेमोक्रेसी और जुर्म पर बात कर रहे हैं।
टीवी एक्ट्रेस रुपाली गांगुली ने अपने ट्विटर पर पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चों की गालियों और लोकतंत्र पर बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "जो गालियां पड़ रही है जिस प्रकार का जुल्म हम पर हो रहा है चुपचाप सहते जा रहे हैं यह मजबूरी नहीं है जी। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में पूर्ण बहुमत के साथ 10 साल से बेदाग सरकार चल रही है।"
पीएम मोदी ने वीडियो में आगे अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, "13-14 साल का राज्य का मुखिया के रूप में शासन, 23 साल का लंबा जीवन, एक दाग नहीं लगा है।" उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी यह जितनी गाली-गलौज को एक आदमी सह रहा है, एक शब्द बोले बिना सह रहा है। इससे बड़ी डेमोक्रेसी का पूरा प्रूफ क्या हो सकता है?"
पीएम मोदी ने गाली देने वाले सभी बच्चों को वीडियो शेयर कर माफ कर दिया था और कहा था, "जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, लेकिन बचपन में गलतियां होती हैं।" पीएम मोदी ने आगे कहा कि बचपन की गलतियों को सुधारने का अवसर भी होता है और यही तो बचपना है।
उन्होंने आगे कहा था, "इसीलिए मैं समाज के अंदर जो आक्रोश है, उसको भली-भांति समझ सकता हूं।" पीएम मोदी ने अपील की कि इस पूरे मामले को सिर्फ गुस्से से नहीं, बल्कि समझदारी से देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ये समय इन बच्चों को गले लगाकर राह दिखाने का है, न कि उन्हें सजा देने का। यह पीएम मोदी का पिछले 9 दिनों में पांचवां संदेश था, जिसमें उन्होंने देश के Gen-Z से सीधे बात की थी। पीएम मोदी के इस बयान की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ भी हुई थी।
पीएम मोदी के माफी वीडियो के बाद रुपाली गांगुली ने भी एक पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा, "काश पीएम तानाशाह होते, तो ऐसे लोगों को सबक सिखाया जा सकता था।" उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था और लोगों ने इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया भी दी थी। कुछ ने रुपाली का सपोर्ट किया था तो कुछ ने उन्हें निशाने पर ले लिया था। हालांकि, बाद में रुपाली ने सफाई देते हुए कहा कि वह पीएम मोदी का बहुत सम्मान करती हैं और उनका बचाव करना चाहती थीं।