
Scout OP Vs Love Gill Controversy: रियलिटी शो बिग बॉस 20 का 61वां एपिसोड घरवालों के लिए काफी इमोशनल और हंगामेदार रहा। दिवाली के मौके पर कंटेस्टेंट्स को उनके परिवार की तरफ से खास संदेश सुनने का मौका मिला। किसी की आंखों में खुशी के आंसू आए तो किसी को परिवार की बातें सुनकर अपने गेम पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा स्काउटओपी (ScoutOP) को मिले परिवार के संदेश की रही। उनकी मां ने उन्हें लव गिल से अलग रहकर अकेले गेम खेलने की सलाह दी। वहीं, एपिसोड के अंत में स्काउट और काजी तौकीर के बीच बर्तन धोने की ड्यूटी को लेकर जबरदस्त झगड़ा भी देखने को मिला।
एपिसोड की शुरुआत में लव गिल ने स्काउट ओपी को उनके परिवार की तरफ से आया कैसेट दिया। इसमें उनकी गर्लफ्रेंड काश्वी और माता-पिता के संदेश रिकॉर्ड थे। काश्वी ने अपने संदेश में स्काउट को भरोसा दिलाया कि बाहर सभी लोग उनके साथ हैं और उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं।
हालांकि, स्काउट की मां की बातों ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया। उनकी मां ने कहा कि परिवार को वो दो दिन सबसे ज्यादा पसंद आए, जब स्काउट ने अकेले खेला था और लव से बातचीत नहीं की थी। उन्होंने स्काउट को आगे भी इसी तरह स्वतंत्र होकर गेम खेलने की सलाह दी। ये मैसेज सुनकर स्काउट थोड़े उलझन में पड़ गए। लव ने भी उनसे कहा कि अगर परिवार को उनका अकेले खेलना पसंद आया है तो उन्हें उनकी बात माननी चाहिए।
परिवार के संदेश को समझने के लिए स्काउट ने यंग डीएसए और आम्रपाली दुबे से बातचीत की। आम्रपाली ने उन्हें समझाया कि उनकी मां उन दो दिनों की बात कर रही थीं, जब उन्होंने लव से दूरी बनाकर अपना गेम खेला था।
हालांकि, स्काउट ने इसका एक अलग मतलब निकाला। उन्हें लगा कि शायद परिवार उन दिनों की बात कर रहा है, जब काश्वी घर में आई थीं और दोनों साथ में अच्छे लग रहे थे।
इस पर आम्रपाली ने उन्हें समझाया कि वह अपनी सहूलियत के हिसाब से बातों का मतलब निकाल रहे हैं। उन्होंने स्काउट से पूछा कि लव से दूर रहने वाले दो दिनों में वह ज्यादा खुश थे या फिर तीसरे दिन जब उन्होंने दोबारा लव से बातचीत शुरू की। स्काउट ने माना कि लव से दोबारा बात शुरू करने के बाद वह ज्यादा अच्छा महसूस कर रहे थे।
एपिसोड में अरिश्फा खान का एक भावुक अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने आम्रपाली दुबे को अपने परिवार का संदेश सुनने का मौका दिया। अरिश्फा ने कहा कि वह समझती हैं कि परिवार से दूर रहने वाले इंसान के लिए अपनों का संदेश कितना मायने रखता है। उनके इस कदम से आम्रपाली भावुक हो गईं और उन्होंने अरिश्फा का शुक्रिया अदा किया।
वहीं, माही विज को भी अपने बच्चों के संदेश सुनने का मौका मिला। काजी तौकीर ने पहले मजाक में उनका कैसेट देने से मना किया, लेकिन बाद में उन्हें परिवार का मैसेज सुनने दिया। अपने बच्चों की आवाज सुनकर माही भावुक हो गईं।
एपिसोड के आखिर में घर का माहौल एक बार फिर गरमा गया। स्काउटओपी और काजी तौकीर के बीच बर्तन धोने की ड्यूटी को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। इस दौरान काजी ने स्काउट को 'जापानी गुड़िया' कह दिया। यह बात स्काउट को पसंद नहीं आई और उन्होंने भी गुस्से में काजी को अपशब्द कह दिए।
दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में यह विवाद कितना आगे बढ़ता है और इसका दोनों कंटेस्टेंट्स के गेम पर क्या असर पड़ता है।