
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah 18 Years: भारतीय टेलीविजन के इतिहास में मील का पत्थर साबित हो चुके मशहूर कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' (TMKOC) ने हाल ही में अपने शानदार 18 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास और ऐतिहासिक मौके पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई। जिसमें पूरा तारक मेहता का परिवार मौजूद रहा। इस दौरान शो में 'बबीता जी' का मशहूर किरदार निभाने वाली अभिनेत्री मुनमुन दत्ता का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने शो की महिला कलाकारों के योगदान पर बात की। उन्होंने कहा कि गोकुलधाम सोसाइटी की महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है और वह और भी ज्यादा पहचान व सराहना की हकदार हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुनमुन दत्ता ने अपनी सभी महिला सह-कलाकारों के टैलेंट, समर्पण और प्रोफेशनलिज्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने खुद को एक मजबूत नारीवादी यानी फेमिनिस्ट बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी सेट पर मौजूद दूसरी महिलाओं को अपने प्रतिद्वंद्वी के रूप में नहीं देखा मुनमुन ने कहा, "मैं बहुत पुराने ख्यालों वाली और लड़कियों का समर्थन करने वाली महिला हूं। मैं एक स्ट्रॉन्ग फेमिनिस्ट हूं और मेरा मानना है कि आगे बढ़ने के लिए सबको साथ मिलकर चलना होता है। मैं इस शो में कभी किसी कलाकार से इनसिक्योर नहीं रही।"
शो के पुराने और नए कलाकारों के बीच के तालमेल की तारीफ करते हुए मुनमुन ने बताया कि हाल ही में टीम से जुड़े नए मेंबर्स भी बहुत शानदार काम कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने विशेष रूप से अपनी महिला सहयोगियों का जिक्र करते हुए उन्हें ब्रिलियंट, इंटेलिजेंट और काम करने के लिए वंडरफुल बताया।
मुनमुन ने आगे कहा कि कभी-कभी शो की सफलता का पूरा क्रेडिट नहीं मिलता, जिसकी वह वास्तव में हकदार होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, "हम अपने किरदारों और इस शो में बहुत कुछ नया जोड़ते हैं। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में महिलाओं का योगदान पुरुषों जितना ही महत्वपूर्ण है। हम सब हर रोज सेट पर आते हैं, अपना काम ईमानदारी से और बिना किसी छिपे एजेंडे के साथ काम करते हैं।"
बता दें, 28 जुलाई को 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने अपने टेलिकास्ट के 18 साल पूरे कर लिए हैं। लगभग दो दशकों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा यह शो भारतीय टीवी का सबसे लंबा चलने वाला सिटकॉम बन चुका है। मुनमुन के मुताबिक, कलाकारों के बीच आपसी भाईचारे और प्रोफेशनलिज्म की वजह से ही यह शो आज भी हर घर का पसंदीदा बना हुआ है।