उदयपुर

Udaipur: थाने से 250 मीटर दूर 6 बदमाशों ने की फायरिंग, एक युवक की पीठ पर लगी गोली, दूसरे पर चाकू से हमला

Udaipur Crime News: हाथीपोल चौराहे पर बुधवार रात 11 बजे फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल हो गया। तीन बाइक पर आए 6 बदमाशों ने तीन युवकों पर फायरिंग कर दी। मौके पर तीन राउंड फायर किए, वहीं चाकू से वार किए गए।
2 min read
May 21, 2026
Udaipur Firing News
मौके पर मौजूद पुलिस व इनसेट में घायल युवक। फोटो: पत्रिका

उदयपुर। हाथीपोल चौराहे पर बुधवार रात 11 बजे फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल हो गया। तीन बाइक पर आए 6 बदमाशों ने तीन युवकों पर फायरिंग कर दी। मौके पर तीन राउंड फायर किए, वहीं चाकू से वार किए गए। वारदात में एक युवक की पीठ पर गोली लगी, वहीं दूसरे युवक पर चाकू से हमला किया गया। वारदात के पीछे हार्डकोर बदमाश इमरान कुंजड़ा की गैंग के शामिल होने की बात सामने आ रही है।

पुलिस ने बताया कि हाथीपोल चौराहा पीपली चौक स्थित अरवाना मॉल के बाहर वारदात हुई। यहां बैठे सलमान, मोहसीन और नाजिम पर हमला किया गया। सलमान की पीठ में गोली लगी, वहीं मोहसिन पर चाकू से वार हुआ। इस दौरान नाजिम ने भागकर जान बचाई। वारदात के बाद बदमाश मौके से भाग गए। सूचना पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी राजूदेवी ने बताया कि वारदात के पीछे आपसी रंजिश का मामला सामने आया है, वहीं इमरान कुंजड़ा से जुड़े बदमाशों के नाम सामने आए हैं। मौके के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

थाने से महज 250 मीटर दूर वारदात

जहां फायरिंग हुई, वह जगह हाथीपोल थाने से महज 250 मीटर की दूरी पर है। फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया, लेकिन बड़ी बात ये कि आसपास पुलिस की मौजूदगी का भी खौफ बदमाशों में नहीं था। वारदात में करण सेन, हुसैन, इदरिस, छोटू आदि बदमाशों के नाम सामने आए हैं।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

घायलों को पहुंचाने के दौरान परिजन अस्पताल में गुस्साते रहे। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आक्रोश जताया। महिलाओं ने गुस्साते हुए कहा कि बदमाशों पर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की वजह से ये वारदात हुई। पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो हमें अपना रास्ता निकालना होगा, इससे टकराव होना तय है।

शहर में कई जगहों पर नाकाबंदी

फायरिंग करने के बाद बदमाशों के भागने को लेकर पुलिस ने तुरंत ही शहरभर में नाकाबंदी करा दी। ऐसे में रात 11 बजे से तड़के तक शहर के चौराहों पर पुलिस तैनात रही। आते-जाते लोगों से पूछताछ की गई, वहीं संदिग्ध लोगों का रिकॉर्ड लिया गया। बदमाशों की पहचान में पुलिस पूरी रात सक्रिय रही। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Updated on:
21 May 2026 10:36 am
Published on:
21 May 2026 10:36 am