उदयपुर

उदयपुर : मुख्यमंत्री ने गिनाया, कहा-कांग्रेस ने सहकारिता में नहीं बनाए सदस्य, हमारी सरकार ने 10 लाख लोग जोड़े

उदयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सहकारिता और रोजगार को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम में 421 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया और प्रदेश में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स व रोजगार योजनाओं का जिक्र किया गया।
4 min read
Aug 03, 2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

उदयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग सहकारिता में किसी को सदस्य ही नहीं बनाते थे। घंटे दो घंटे के लिए अपने ही लोगों का नाम लेते रहते थे। भाजपा सरकार ने सहकारिता में पहली बार 10 लाख नए सदस्य जोड़े है। कांग्रेस सरकार के समय पेपर लीक से युवाओं के साथ अन्याय हुआ और हमने ढाई साल में 3 लाख 80 हजार लोगों की भर्ती निकाल दी। एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया।

सीएम शर्मा रविवार को उदयपुर के सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 421 करोड़ के 457 विकास कार्यों लोकार्पण और शिलान्यास किए। सीएम ने कहा कि उदयपुर में 2100 करोड़ की विभिन्न परियोजनाएं प्रगति पर है। देवास प्रोजेक्ट से झीलें हमेशा भरी रहेंगी और पानी की समस्या दूर हो जाएगी, वहीं 400 केवी ग्रिड स्टेशन बनने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के विकास का रोडमैप बनाया, जिसके तहत पानी, बिजली, उद्योग, रोजगार एवं सड़क सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किए हैं।

बनाया जा रहा विकास का रोडमैप

सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार कृषि, सहकारिता, डेयरी क्षेत्र के लिए फैसले ले रही है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान का आयोजन कर गांवों और शहरी वार्डों के विकास के लिए रोडमैप बनाया जा रहा है। कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापना को प्रोत्साहन दे रहे हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।

इन कामों का किया जिक्र

- रामजल सेतु लिंक परियोजना का काम हो रहा है। इससे पर्याप्त पानी मिलेगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौता संभव हो पाया।

- बिजली में आत्मनिर्भर बनने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ 2.24 लाख करोड़ के एमओयू किए। वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिलेगी।

- राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से लगभग 9 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं।

- युवाओं को सरकारी क्षेत्र में 1 लाख 78 हजार को नियुक्तियां दी, वहीं 1 लाख 32 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रिया में है। वहीं, 70 हजार पदों पर तैयारी है। अब तक 3 लाख 80 हजार पदों पर भर्तियों का मार्ग खुला है। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार मिले हैं।

- राजसमंद, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध हैं। इन क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकार काम कर रही है।

जिले के इन कामों का किया लोकार्पण

जिले के लिए 47 करोड़ से अधिक की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। इनमें 7 करोड़ से आरएनटी मेडिकल कॉलेज में आधुनिक कैथ लैब, 4.75 करोड़ से शहर में 75 बेड का बुजुर्गों के लिए पुनर्वास गृह, 4 करोड़ से फलासिया में कन्या महाविद्यालय भवन, 2 करोड़ 80 लाख से कानोड़ में सावित्री बाई फूले अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, 2 करोड़ 31 लाख से सवीना में नाले का निर्माण, डेढ़ करोड़ से दरौली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेंगे। एक करोड़ से तितरड़ी के नए बस स्टैंड के लिए सड़क निर्माण, 2 करोड़ 31 लाख से भुवाणा, वल्लभनगर व मावली में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन, डेढ़ करोड़ से खेलगांव में लेक्रोस मैदान, बोहरा गणेशजी आयड़ में ओपन पार्किंग और अमरखजी मंदिर मार्ग का लोकार्पण किया है।

इन कामों का किया शिलान्यास

उदयपुर के बुनियादी ढांचे और विकास के लिए 373 करोड़ की 436 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इसमें 121 करोड़ से एमबी अस्पताल में मातृ एवं शिशु विंग, 75 करोड़ से भुवाणा क्षेत्र में आधुनिक सीवरेज सिस्टम, 51 करोड़ से जिला चिकित्सालय भींडर का भवन निर्माण, 5 करोड़ 75 लाख से फतहनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास शामिल हैं। साढ़े चार करोड़ से गोगुंदा में राजकीय जनजाति बालक आश्रम छात्रावास भवन, साढ़े चार करोड़ से पुलिस लाईन में 12 आवासीय भवन, 3 करोड़ 80 लाख से ढीमड़ीझाड़ोल में राजकीय जनजाति बालक आश्रम छात्रावास, 3 करोड़ 67 लाख से सुखेर में सर्विस रोड, 6 करोड़ से बनास नदी पर गोगुंदा के पानेर और केलथरा मार्ग पर सबमर्सिबल पुलिया का शिलान्यास किया गया है। साढ़े पांच करोड़ से खेलगांव में जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास और डबोक में बालक आश्रम छात्रावास, 2 करोड़ 70 लाख से बोमरचा गोगुंदा में बनास नदी पर पुलिया निर्माण, खेरोदा, झाड़ोल व सायरा में 2-2 करोड़ के अटल प्रगति पथ निर्माण की नींव रखी है। जिले में विभिन्न स्कूलों में शेड, डोम एवं सोलर पनघट और बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, सिंचाई, शहरी एवं पर्यटन सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों की आधारशिला रखी।

इनकी भी रही भागीदारी

पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा ने भी विचार रखे। सांसद मन्नालाल रावत ने आभार जताया। राज्यसभा सदस्य चुन्नीलाल गरासिया, विधायक ताराचन्द जैन, फूलसिंह मीणा, प्रताप लाल भील, उदय लाल डांगी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास मौजूद थे।

नारी शक्ति रैली से दिया महिला सुरक्षा का संदेश

सीएम शर्मा ने महिला सुरक्षा संकल्प आयोजन के तहत आरसीए परिसर से नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली आरसीए से शुरू होकर सूरजपोल, बापू बाजार, देहली गेट होते हुए टाउनहॉल पहुंच कर संपन्न हुई।

मॉर्निंग वॉक पर बीड़ा के ग्रामीणों से बात

सीएम ने मॉर्निंग वॉक के दौरान बीड़ा गांव की गलियों में घूमकर ग्रामीणों से संवाद किया, बच्चों को दुलारकर चॉकलेट दी। स्कूली बच्चों से उनकी शिक्षा एवं भविष्य की जरूरतों की जानकारी ली। महिलाओं से वीबी-जीरामजी योजना की चर्चा की। गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। गांव में स्थित आवरा माता मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण किया।

नशा मुक्त, अनुशासित और विचारवान बनें युवा

उधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। सीएम ने उदयपुर में आरसीए के सभागार से वीसी के जरिए कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Updated on:
03 Aug 2026 06:18 pm
Published on:
03 Aug 2026 06:17 pm