
Salumber Double Murder Accused Arrest: सलूम्बर जिले के सेमारी थाना क्षेत्र के घोड़ासर गांव में 5 दिसंबर की रात हुई दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस कुख्यात वारदात में सास गौरी (60) और भांजा सुरेश (5) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी दामाद गंगाराम मीणा और उसके साथी बबलू मीणा को जंगल से गिरफ्तार किया है।
दामाद गंगाराम ने पूछताछ में बताया कि 'उसकी पत्नी पीहर से वापस नहीं आ रही थी, जिससे वह बहुत नाराज था। उसने ससुराल पक्ष को जेल भेजने की कई बार कोशिश की लेकिन कोई मदद नहीं मिली। क्रोध में आकर उसने अपने मित्र के साथ मिलकर कुल्हाड़ी और लाठी से सास और बच्चे की हत्या की और जेवरात भी लूटे।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, सराड़ा वृत्ताधिकारी चांदमल सिंगारिया, सेमारी थानाधिकारी गोपाल कृष्ण समेत कई अधिकारी और पुलिसकर्मियों की टीम ने घोड़ासर गांव के आसपास जंगल से आरोपी दामाद गंगाराम और उसके साथी को दबोच लिया।
घोड़ासर के निवासी धन्ना मीणा ने बताया कि 4 और 5 दिसंबर की मध्यरात्रि को उसकी पत्नी गौरी और 5 साल का भांजा सुरेश अपने घर पर सो रहे थे। रात करीब 11:30 बजे पड़ोसी की सूचना पर जब वे घर पहुंचे तो दोनों खून से लथपथ और मृत मिले। गौरी के दोनों पैर पंजे से ऊपर कुल्हाड़ी से कटे हुए थे और गले में गंभीर घाव थे। वहीं भांजे के गले और सिर में भी गहरी चोटें थीं। साथ ही घर से चांदी के कड़े लूटे गए थे। एसपी यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र के जंगलों, आसपास के जिलों और नजदीकी क्षेत्रों में सघन जांच-पड़ताल की। अंत में आरोपी दामाद गंगाराम मीणा और उसके सहयोगी बबलू मीणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।