www.patrika.com/rajasthan-news
प्रमोद सोनी/उदयपुर . शहर सहित जिले भर में गुरुवार को गणेश चतुर्थी पर्व श्रद्धा एवं उत्साह मनाया गया। इस मौके पर शहर के गणपति मंदिरों में सुबह से दिनभर विविध अनुष्ठान हुए। मंदिरों में तडक़े से दर्शनार्थियों की कतारें लगने लगी। इधर, श्रद्धालु शुभ मुहूर्त में प्रथम पूज्य गजानन को घर लेकर आए और विधि-विधान से स्थापना की। गणेशोत्सव के लिए शहर के कई क्षेत्रों में विभिन्न संगठनों व मंडलों ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की। इससे पूर्व ढोल-नगाड़ों के साथ गणेश प्रतिमाओं को जुलूस के रूप में लाया गया।
शहर में करीब साढ़े पांच वर्ष पुराने अगाध आस्था केन्द्र बोहरा गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान मंदिर के पास मेला भी भरा। मंदिर के पुजारी जितेंद्र जोशी व रमेश जोशी ने बताया कि गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में बुधवार रात को भजन संध्या का आयोजन हुआ। गणेश चतुर्थी पर सुबह 5.15 बजे गणपति का पंचामृत अभिषेक किया गया। बाद में 5.30 बजे मंगला आरती, 6 बजे से स्वर्ण आंगी का शृंगार किया गया। 10.15 बजे यज्ञ हवन के बाद 12.15 बजे ध्वजारोहण किया गया। दोपहर 12.30 बजे शृंगार आरती, शाम 7.30 बजे संध्या आरती व मध्यरात्रि 12.15 शयन आरती हुई। मंदिर में दर्शन के लिए अल सुबह से दर्शनार्थियों की कतारें लगना शुरू हुई, जो देर रात रही। मेले में गृह सज्जा सामग्री एवं चाट-पकोड़ी की स्टॉलें लगी। मेलार्थियों डोलर-चकरी आदि का आनन्द लिया।
दूध तलाई स्थित पाला गणेशजी में सुबह 5.15 बजे मंगला आरती के साथ ही मंदिर में हवन, पूजन, भजन-कीर्तन के साथ ही विविध अनुष्ठान हुए। शाम को महाआरती हुई। सुबह से देर रात तक दर्शन खुले रहे। इधर, जाड़ा गणेशजी के पुजारी डॉ. देवेंद्रपुरी गोस्वामी ने बताया कि सुबह 4 बजे मंगला के दर्शन के साथ दर्शन खुले और देर रात तक दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। इसी प्रकार मल्लातलाई स्थित दुधिया गणेश, हाथीपोल स्थित मावा गणेश, खटीकवाड़ा स्थित पंचमुखी गणेश, जगदीश चौक स्थित रिद्धी सिद्धी गणेश मंदिर में विशेष अनुष्ठान के अलावा रात को भजन संध्या हुई।
गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक गणेशोत्सव को लेकर घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गणपति प्रतिमा की प्रतिष्ठा की गई। पूजा- अर्चना कर प्रतिमाओं की विधिवत स्थापना की गई। शहर के बापू बाजार, सूरजपोल, उदियापोल, मंडी, हाथीपोल, भट्टियानी चौहटा, चांदपोल, मल्ला तलाई व शहर के उपनगरी क्षेत्रों मे विभिन्न मंडलों ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई। कुछ दलों ने इस वर्ष इको फ्रेंडली गणपति प्रतिमाएं स्थापित की। घंटाघर पर जय महाराष्ट्र गणेश मंडल ने परम्परागत लकड़ी की प्रतिमा की स्थापना की।
अशोकनगर स्थित महाराष्ट्र भवन में गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ 72वें गणेशोत्सव का आगाज हुआ। शाम को भजन संध्या हुई। बापू बाजार में स्वस्तिक विनायक मंडल ने शाम को मूर्ति स्थापना कर महा आरती की। महाआरती में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया भी शामिल हुए।