
उदयपुर। जिले के एक सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि कॉपी जांचने के बहाने एक शिक्षक ने छात्रा के साथ गलत हरकत की। घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंचने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और महिलाओं ने स्कूल पहुंचकर आरोपी शिक्षक की चप्पलों से पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। शिक्षा विभाग ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को विद्यालय से हटा दिया है।
बताया जा रहा है कि घटना शुक्रवार को हुई थी। छात्रा अपनी कॉपी जांच कराने के लिए शिक्षक के पास गई थी। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने उसकी कमर पर हाथ रखा और हाथ पकड़कर अनुचित व्यवहार किया। अचानक हुई इस हरकत से छात्रा घबरा गई और डर के कारण तत्काल किसी को कुछ नहीं बता सकी।
इसके बाद शनिवार और रविवार को स्कूल में अवकाश रहा। सोमवार को छात्रा स्कूल तो गई, लेकिन पूरे दिन मानसिक रूप से परेशान रही। घर लौटने पर उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने जब यह बात ग्रामीणों को बताई तो लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
मंगलवार सुबह स्कूल खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्रा के परिजन विद्यालय पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने शिक्षक को कक्षा से बाहर बुलाया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मौजूद महिलाओं ने चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। शिक्षक बचने के लिए स्कूल परिसर के भीतर भागा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। कुछ देर तक स्कूल परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। छात्रा के परिजनों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्रा ने घटना वाले दिन ही शिक्षक की शिकायत उनके सामने रखी थी। इसके बाद तत्काल उच्च अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया। उदयपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को स्कूल से हटा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।