उदयपुर में हार्दिक पटेल बोले, अजमेर जाते समय कुछ देर यहां रुके
माेे. इलियास/ उदयपुर . पटेल नवनिर्माण सेना एवं किसान क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहा कि राजस्थान खासकर उदयपुर की जनता से उनका खास लगाव है। विधानसभा चुनाव तक वे यहां के दौरे करेंगे। राजस्थान के किसान व युवा सत्ताधीन सरकार से त्रस्त हैं, निश्चित रूप से जनता यहां कुर्सी पलटेगी।
अजमेर के दौरे पर जाते समय यहां पर मावली के पूर्व विधायक पुष्कर लाल डांगी के आवास पर रुके पटेल ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि मुझे गुजरात सरकार ने वर्ष 2015 में 9 माह तक सूरत जेल में बंद रखा। 6 माह कोर्ट के आदेश से उदयपुर में निवास किया। उस समय पुष्कर व अजमेर दरगाह जाने की मन्नत मांगी थी। उसी सिलसिले में दो दिन राजस्थान के अजमेर प्रवास पर आया हूं। मैं वहां मत्था टेककर दुआएं मांगंूगा कि यहां की जनता का सारा काम पूरा हो। इससे पूर्व पटेल ने खेरवाड़ा में कार्यकर्ताओं को कहा कि वह राजस्थान में किसान, युवा, महिला एवं गुर्जर समाज के लिए आवाज उठाते रहेंगे। उदयपुर पहुंचने पर पटेल नवनिर्माण सेना के जिलाध्यक्ष गेहरीलाल डांगी, किसान नेता महेन्द्रसिंह राणावत, तुलसीराम डांगी, सुरेश पटेल व अन्य ने हार्दिक का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष डांगी ने बताया कि 6 जून को हार्दिक पटेल मध्यप्रदेश के पीपलिया मंडी, मंदसौर में गत वर्ष पुलिस गोली से मरे किसानों को श्रद्धाजंलि देकर क्षेत्र के किसानों से मिलेंगे। 10 जून को राजस्थान में कपासन में मिलने के बार राजस्थान का दौरा करेंगे।
जगदीश चौक में जनता को किया जागरूक
उदयपुर. हाइकोर्ट बेंच की मांग को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन व वार्ड सभाओं की कड़ी में गुरुवार को अधिवक्ताआें ने जगदीश चौक क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों को जागरूक किया।
वार्ड सभा के दौरान संघर्ष समिति के संयोजक शांतिलाल चपलोत, महासचिव शांतिलाल पामेचा, समन्वय समिति के अध्यक्ष रमेश नंदवाना, बार अध्यक्ष रामकृपा शर्मा सहित कई अधिवक्ताओं ने जगदीश चौक पर लोगों को हाइकोर्ट बेंच के उदयपुर लोने की बात को लेकर जागरूक किया। इस दौरान सभी ने लोगों को पत्रक वितरण करते हुए समर्थन की अपील की। इस दौरान वहां हुई आमसभा को पार्षद देवेंद्र जावलिया, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश जगदीश सुथार, भारतीय मजदूर संघ के अमर सिंह सांखला, पुरुषोत्तम लाल सुखवाल, भगवान लाल वैष्णव,दिनेश मकवाना आदि ने संबोधित किया। इससे पूर्व जिला न्यायालय के मुख्य द्वार पर चल रहे क्रमिक अनशन में अधिवक्ताओं के साथ बोहरा सोसायटी, सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष संघ आदि बैठे।