
अमित पारीक
उदयपुर। कभी जिसके इशारे पर आधी दुनिया का इतिहास लिखा जाता था, वहीं महारानी विक्टोरिया आज लेकसिटी के गुलाब बाग में 'गुमनामी की सजा' काट रही हैं। सरस्वती भवन पुस्तकालय की धूल से अटी गैलरी में उपेक्षित पड़ी 10 टन वजनी संगमरमर की यह आदमकद प्रतिमा कभी मेवाड़ और ब्रिटेन के कूटनीतिक रिश्तों का सबसे चमकदार अध्याय थी।
लेकिन आज किताबों के ढेर के बीच कैद यह ऐतिहासिक धरोहर अपनी बदहाली पर सिसक रही है। इस खामोश प्रतिमा की पीड़ा को महसूस करें, तो लगता है मानो यह महारानी अपनी आजादी की गुहार लगा रही हो…। कह रही हो… मुझे भी मेरे देश ब्रिटेन वापस भेज दो।
इतिहासकारों के मुताबिक सन 1887 में मेवाड़ के महाराणा फतेह सिंह ने महारानी विक्टोरिया की स्वर्ण जयंती पर इस प्रतिमा को बनवाने का फैसला किया था। लंदन के प्रसिद्ध मूर्तिकार चार्ल्स बेल बिर्च को इसका जिम्मा सौंपा गया। इटली के प्रसिद्ध कैरारा मार्बल की विशाल चट्टान को काटकर दो साल की मशक्कत के बाद 8-9 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा को तराशा गया था।
लंदन से पानी के जहाज के जरिये मुंबई बंदरगाह और फिर राजपूताना-मालवा रेलवे से 1889 के अंत में यह प्रतिमा उदयपुर पहुंची। 19 फरवरी 1890 को ब्रिटिश प्रिंस अल्बर्ट विक्टर ने गुलाब बाग में विक्टोरिया हॉल (अब सरस्वती भवन पुस्तकालय) के सामने एक ऊंचे चबूतरे पर इसका अनावरण किया था। तब जमीन से 20 फीट की ऊंचाई पर खड़ी यह प्रतिमा उदयपुर की शान हुआ करती थी।
आजादी के बाद देशभर में ब्रिटिश हुकूमत के प्रतीकों का कड़ा विरोध शुरू हुआ। उदयपुर में इस प्रतिमा को गुलामी की निशानी मान प्रदर्शन होने लगे। विरोध बढ़ा तो 1948 में इसे चबूतरे से हटाने का फैसला लिया। 10 टन भारी और सिंगल मार्बल से बनी इस प्रतिमा को उतारने के लिए विशेष क्रेन मंगवाई। महारानी की जगह उसी चबूतरे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की गई। तब से यह प्रतिमा वहीं कैद है।