उदयपुर

उदयपुर में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हवाला कारोबारियों को बनाता निशाना; 2 माह पहले साबरमती जेल से रिहा हुआ था

सुखेर थाना पुलिस ने डकैती एवं लूट के कुख्यात आदतन अपराधी को अवैध पिस्टल और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रताप सिंह साथियों के साथ पहले हवाला कारोबारियों के कर्मचारियों की रेकी करता था।
2 min read
Jul 05, 2026
Pratap Singh
कुख्यात आदतन अपराधी प्रताप सिंह। फोटो: पत्रिका

उदयपुर। सुखेर थाना पुलिस ने डकैती एवं लूट के कुख्यात आदतन अपराधी को अवैध पिस्टल और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रताप सिंह साथियों के साथ पहले हवाला कारोबारियों के कर्मचारियों की रेकी करता था। मौका मिलने पर हथियार दिखाकर उन्हें डराता-धमकाता और लूट एवं डकैती की वारदात को अंजाम देता था। इसी प्रकार टैक्स बचाने के लिए बिना बिल के सोना ले जाने वाले ज्वैलर्स के कर्मचारियों की रेकी कर पिस्टल के बल पर सोना लूटता था।

उदयपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में गठित टीम ने अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान में जांच के दौरान उसे पकड़ा। मुखबिर से सूचना मिली थी कि भीलों का बेदला स्थित विराज विला में ठहरे एक बदमाश के पास अवैध हथियार हैं।

टीम ने मौके पर दबिश देकर बोरी कुराबड़ निवासी प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक मैगजीन तथा पांच कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में डकैती, लूट, अवैध हथियारों की सप्लाई तथा चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं। वह अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर वारदात करने का आदी है। सुखेर थाना पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह उदयपुर में अवैध हथियार लेकर किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।

आरोपी का रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना प्रतापनगर में देबारी पेट्रोल पंप लूट, सलूंबर में अवैध पिस्टल रखने, जालौर जिले के जसवंतपुरा थाने में चोरी एवं लूट के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गुजरात के नरोडा (अहमदाबाद), प्रांतिज (हिम्मतनगर), पालनपुर, चाणस्मा (पाटन), मेहसाणा सहित अन्य थानों में हवाला कारोबारियों से लूट, सोने के व्यापारियों से डकैती तथा अवैध फायरआर्म्स से संबंधित कई प्रकरण दर्ज हैं।

दो माह पूर्व जमानत पर हुआ रिहा

पुलिस ने बताया कि आरोपी दो माह पूर्व साबरमती (अहमदाबाद) जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि वह उदयपुर में हथियार लेकर किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Updated on:
05 Jul 2026 11:12 am
Published on:
05 Jul 2026 11:12 am