उदयपुर

PATRIKA CAMPAIGN: गांवो की ये भयावह स्थिति आयी सामने, 14 से 18 वर्ष के ये युवा ना तो नोट गिन सके, ना घड़ी देख सके

उदयपुर. उदयपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत युवा ऐसे सामने आए जो 20,50,500 और दो हजार की नोट देखकर भी यह नहीं बता सके कि ये नोट कितने का है।
2 min read
• •
Updated: 27 Feb 2018, 12:46 PM IST
 education system in udaipur

उदयपुर . उदयपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत युवा ऐसे सामने आए जो 20,50,500 और दो हजार की नोट देखकर भी यह नहीं बता सके कि ये नोट कितने का है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर का इससे बुरा हाल क्या होगा। असर (एनुअल स्टेटस ऑफ एज्यूकेशन रिपोर्ट रूरल-17) की रिपोर्ट पर बात की जाए तो 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बीच हुआ ये सर्वे शिक्षा के हाल पर कड़ा प्रहार करता है। दूर दराज के ग्रामीण अंचलों में पढ़ाई छोड़ चुके या कभी स्कूल नहीं गए युवा अपने जीवन को लगातार गर्त में धकेल रहे हैं।

आज पहली कक्षा से जिस मापक की स्कूल में प्रवेश होते ही जरूरत होती है, वह होता है स्केल। छोटे बच्चे अपने स्कूली से लेकर घर के खेल में भी स्केल का उपयोग करते हैं, लेकिन जिले के 65.3 प्रतिशत युवा ऐसे थे, जो स्केल के उपयोग की जानकारी नहीं रखते। उन्हें स्केल की सहायता से वस्तु की सही लम्बाई नापने की जानकारी नहीं थी, वे यह नहीं जानते थे कि स्केल को शून्य के निशान पर रखकर नापते हैं या अन्य किसी अंक पर।

बाट देकखर नहीं बता सके कितना किलोग्राम
उदयपुर के 35 प्रतिशत युवा 500 ग्राम, 200 ग्राम, एक किलोग्राम व 50-50 ग्राम के बाट देख कितना ग्राम व किलोग्राम है, यह नहीं बता पाए।

नहीं देख पाए घड़ी में समय

छोटे से छोटा बच्चा हाथ घड़ी या दीवार घड़ी से आसानी से समय देख बता सकता है कि इसमें कितने बजे हैं। उदयपुर के 60 गांवों में हुए इस सर्वे में सामने आया कि जिले के 50.2 प्रतिशत युवा घड़ी देख समय नहीं बता पाए। ग्रामीण क्षेत्रों में असर से जुड़े विद्यार्थियों ने इन युवाओं को तीन बजने और पौने पांच बजने के बारे में पूछा था, तीन बजने वाले में तो 50.2 प्रतिशत युवा उत्तर नहीं दे पाए, जबकि घड़ी में चलती सुई देख 40.7 प्रतिशत युवा पौने पांच बजने के बारे में नहीं बता पाए। घोर आश्चर्य है कि जहां शिक्षा विभाग बेहतर शिक्षा होने के कसीदे गढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के हालात सामने आना, समाज के लिए कहां तक ठीक है।

Published on: